मनोज तिवारी को दिल्‍ली बीजेपी की कमान, नित्‍यानंद राय बने बिहार भाजपा के अध्‍यक्ष


 

133423-mt-nt-77

नई दिल्‍ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सांसद मनोज तिवारी और नित्यानंद राय को क्रमश: दिल्ली और बिहार इकाई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में आधिकारिक घोषणा बुधवार को की गई। जानकारी के अनुसार, भाजपा सांसद मनोज तिवारी को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया और नित्यानंद राय बिहार इकाई के अध्यक्ष बनाए गए हैं। तिवारी ने सतीश उपाध्याय की जगह ली है और राय ने मंगल पांडे की जगह ली है। पूर्व अध्यक्षों का कार्यालय बहुत पहले ही समाप्त हो चुका था और बीते कई महीनों से नई नियुक्तियां लंबित थीं।

भोजपुरी अभिनेता-गायक मनोज तिवारी को दिल्ली में खासी पैठ रखने वाले पूर्वांचली मतदाताओं के बीच काफी लोकप्रियता हासिल है। अगले साल होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में अब बड़ा राजनीतिक बदलाव किया है और मनोज तिवारी को कमान सौंपी है। लोकसभा चुनाव में जीत के रूप में प्रारंभिक सफलता ने उन्हें भाजपा की दिल्ली की राजनीति का एक महत्वपूर्ण चेहरा बना दिया था।

बताया जा रहा है कि मनोज तिवारी के नाम पर सहमति तीनों एमसीडी के 13 वॉर्डों में हुए उपचुनावों से पहले ही बन गई थी, लेकिन बीच में उप चुनावों की वजह से प्रदेश अध्यक्ष को बदलने के मसले को कुछ समय के लिए टाल दिया गया था। अब जाकर इसका ऐलान हुआ है।


Scroll To Top
Translate »