
लखनऊ. राजधानी में डेंगू का प्रकोप रुकने का नाम नहीं ले रहा है. जहां लखनऊ में बीते दिनों दो पुलिस वालों की डेंगू से मौत हो चुकी हैं, वहीं एक सीनियर आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर भी डेंगू की चपेट में आ चुके हैं.
अब उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय को तेज बुखार की शिकायत के साथ सोमवार को देर रात लोहिया अस्पताल में एडमिट कराया गया है. आशंका जताई जा रही है कि उन्हें भी डेंगू है. इसी आशंका के चलते उनका ब्लड सैंपल जांच के लिए मंगलवार सुबह भेजा गया है.
इस सीजन में अभी तक लखनऊ में डेंगू से लगभग दो दर्जन मौतें हो चुकी हैं. राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना सिंह चौहान की भी मौत डेंगू से हुई थी.
डॉक्टरों के मुताबिक़ लगभग 90 फीसदी मरीज सिर्फ पिछले सप्ताह ही डेंगू की चपेट में आए हैं. केजीएमयू में अब तक 110 मरीजों की जांच के बाद डेंगू की पुष्टि हुई है. साथ ही लोहिया अस्पताल और पीजीआई दोनों में ही में 80-80 मरीजों में डेंगू पाया गया है.
https://rashtriyadinmaan.com
