LDA उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने परियोजना को लेकर अधिकारियों संग की बैठक

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने ग्रीन काॅरीडोर परियोजना के सम्बन्ध में मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान टाटा कंसलटिंग इंजीनियर्स के प्रतिनिधियों ने परियोजना का प्रेजेन्टेशन दिया। जिसके क्रम में कुड़ियाघाट से शहीद पथ के बीच काॅरीडोर के एलाइनमेंट पर चर्चा की गई। उपाध्यक्ष ने कंसल्टेण्ट द्वारा दिये गये अलग-अलग विकल्पों पर अपना निर्णय देने के साथ ही परियोजना के फेज-2 की डीपीआर जल्द तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
प्राधिकरण भवन में हुई इस बैठक में सिंचाई विभाग व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे। प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट के सदस्य अनिल कुमार सिंह सेंगर ने बताया कि कुड़ियाघाट से लेकर शहीद पथ के बीच पक्का पुल, डालीगंज पुल, हनुमान सेतु, निशातगंज पुल व 1090 चैराहा समेत कुछ स्थानों पर ब्रिज, मेट्रो और रेलवे लाइन आ रहे हैं। इन्हें ध्यान में रखते हुए ग्रीन काॅरीडोर के लिए किस तरह का स्ट्रक्चर व एलाइनमेंट सबसे बेहतर रहेगा, इस पर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।
टाटा कंसलटिंग इंजीनियर्स द्वारा दिये गये प्रेजेन्टेशन में इन सभी स्थानों पर काॅरीडोर के एलाइनमेंट को लेकर दो-तीन विकल्प प्रस्तुत किये गये।
इसके अलावा ग्रीन काॅरीडोर का स्ट्रक्चर कहां एलीवेटेड और कहां प्लेन रहना है, इस पर भी प्रेजेन्टेशन दिया गया। इन सभी विकल्पों को देखने के बाद प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने अपना निर्णय दिया और इसी के आधार पर 15 दिन में ग्रीन काॅरीडोर के दूसरे फेज की डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
बैठक में मुख्य अभियंता इंदुशेखर सिंह, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार गुप्ता व पीआईयू के मेहर सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
