कुल्लू-मनाली में बादल फटने से हालात खराब, दिल्ली-NCR में भारी बारिश के आसार


index.php

 

नई दिल्ली: बाढ़ और बारिश से उत्तर भारत और खासकर हिमाचल प्रदेश में हालात बेहद खराब हैं. हिमाचल के कुल्लू मनाली में बारिश और बादल फटने से हालात खऱाब हैं. बादल फटने से ब्यास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया जिससे कई लोग बाढ़ के पानी में फंस गए. पानी में फंसे लोगों की जान तो बचा ली गई लेकिन इनकी झोपड़ियां नदी में समा गईं.

इतना ही नहीं कुल्लू में नदी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते एक ट्रक को बहा ले गया. कुल्लू और मनाली में सड़कों पर पानी भरने के कारण लोगों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है. चंडीगढ़ में भी मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग 3 को फिलहाल बंद कर दिया गया है.

वहीं मंडी में भी बारिश के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ चुका है. जिसके चलते पंडोह डेम के पांचों गेट को भी खोल दिया गया है. हिमचाल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर का कहना है कि सरकार जल्दी ही प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचायेगी.

दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश का अनुमान
मौसम के अचानक करवट लेने से दिल्ली एनसीआर के पारे में भी गिरावट आई है. दिल्ली एनसीआर में आज भी बारिश हो सकती है. पिछले तीन दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है.

आज आपके क्षेत्र में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
मध्य भारत पर बना सिस्टम आज उत्तरी राजस्थान पहुंच सकता है. यह कमजोर होगा लेकिन पहाड़ों पर बने सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य भारत के मौसम को प्रभावित करता रहेगा. इन दोनों सिस्टमों के कारण कश्मीर से लेकर हिमाचल और उत्तराखंड तक लगभग सभी शहरों में मूसलाधार बारिश कल भी बनी रहेगी.

 

देहारादून, मसूरी, मनाली, शिमला, नाहन सहित कई पर्वतीय शहरों में ज़बरदस्त बारिश से बाढ़ जैसी स्थितियां भी पैदा हो सकती हैं. पर्वतीय राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भूस्खलन की भी आशंका बनी रहेगी. कहीं-कहीं बादल फटने का भी खतरा रहेगा.

मैदानी इलाकों में रूपनगर, नवाशहर, चंडीगढ़, पंचकुला, सहारनपुर, साहिर उत्तर पश्चिमी यूपी, उत्तरी हरियाणा और पंजाब के भी कई शहरों में भारी बारिश के आसार हैं. दिल्ली सहित उत्तर पश्चिम भारत के बाकी शहरों में मध्यम वर्षा जारी रह सकती है. मध्य और पूर्व भारत में बारिश में कमी आएगी. हालांकि जयपुर, अलवर, दौसा, ग्वालियर, आगरा, मथुरा और आसपास के शहरों में अच्छी बारिश उम्मीद बनी हुई है.


Scroll To Top
Translate »