मीना: सउदी अरब में पवित्र शहर मक्का के समीप मीना में हज के दौरान आज मची भगदड़ में कम से कम 717 लोग मारे गए और 805 अन्य घायल हो गए। वार्षिक हज के दौरान पिछले एक दशक में इसे सर्वाधिक भीषण हादसा माना जा रहा है । इस साल डेढ़ लाख भारतीयों समेत 20 लाख से अधिक लोग हज कर रहे हैं ।सउदी अरब के नागरिक सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि मीना में भगदड़ मचने के कारण बचाव अभियान जारी है। मक्का में हुए हादसे के बाद प्रशासन ने ये हेल्प लाइन नं. 00966125458000 जारी किया है।यह हादसा उस जगह हुआ जहां श्रद्धालु तीन खंभों पर प्रतीकात्मक रूप से शैतान को कंकड़ मारने की रस्म में हिस्सा ले रहे थे । प्रशासन ने बताया है कि 717 लोग मारे गए हैं और 805 अन्य घायल हुए हैं। हादसा स्थल पर चिकित्सा जांच के लिए दो टीमों को लगाया गया है । अभी यह नहीं पता चल पाया है कि हादसा किस वजह से हुआ। जानकारी के अनुसार 2 भारतीय भी शामिल है।
आंध्र प्रदेश के अल्पसंख्यक पैनल के अध्यक्ष आबिद रसूल खान ने बताया कि मेरे शिविर में करीब 400 श्रद्धालु थे। सभी सुरक्षित हैं, लेकिन मैं कुछ अन्य लोगों को फोन कर जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रहा हूं। हज इस्लाम के पांच प्रमुख स्तंभों में से एक है जिसे वित्तीय और शारीरिक रूप से सक्षम प्रत्येक मुसलमान को अपने जीवन में एक बार करना चाहिए । मीना में वर्ष 2006 में हज में शैतान को कंकड़ मारने की रस्म के ही दौरान मची भगदड़ की घटना में कम से कम 364 लोग मारे गए थे ।
https://rashtriyadinmaan.com
