मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय, गोरखपुर में 10 बेड के निःशुल्क डायलसिस केन्द्र का उद्घाटन किया


Press
राज्य सरकार प्रदेश के सभी जिला चिकित्सालयों 
में डायलसिस केन्द्र की स्थापना करेगी: मुख्यमंत्री
 
लखनऊ |   प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने आज जनपद गोरखपुर में लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से जिला चिकित्सालय में निर्मित 10 बेड के निःशुल्क डायलसिस केन्द्र का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि इस केन्द्र में प्रतिदिन 60 मरीजों का निःशुल्क डायलसिस किया जायेगा। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने डायलसिस केन्द्र में जाकर मरीजों से मुलाकात की तथा चिकित्सकीय व्यवस्था की विधिवत जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि मरीजों का बेहतर/समुचित इलाज सुनिश्चित हो इन्हें किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री  ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी जिला चिकित्सालयों में डायलसिस केन्द्र की स्थापना करेगी। किडनी रोगियों की संख्या में निरन्तर वृद्धि हो रही है इसलिए निःशुल्क डायलसिस की व्यवस्था से रोगियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी  द्वारा प्रारम्भ की गई आयुष्मान भारत योजना आजादी के बाद की अत्यन्त महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा है। जनकल्याण हेतु यह एक महान उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रदेश में 01 करोड़ 18 लाख गरीब परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत 05 लाख रुपये का बीमा कवर प्रदान करके बेहतर चिकित्सा सुविधा दिलायी जाएगी। पूरे प्रदेश में अभी सर्वे का कार्य जारी है, प्रयास किया जा रहा है कि अधिक से अधिक से लोगों को इसका लाभ दिलाया जा सके। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले देश के 50 करोड़ लोगों को लाभान्वित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर विधायक डाॅ0 राधामोहन दास अग्रवाल, श्री विपिन सिंह, श्री फतेह बहादुर सिंह, श्री संत प्रसाद, महापौर श्री सीताराम जायसवाल अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
——–

Scroll To Top
Translate »