मास्टर प्लान रोड का सर्वे करा अतिक्रमण हटाने के निर्देश

लखनऊ| लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बुधवार को प्रवर्तन कार्यों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्राधिकरण सीमा में मास्टर प्लान-2031 के अंतर्गत आने वाली 30 व 45 मीटर की सड़कों का सर्वे कराने के निर्देश दिये। उन्होंने समस्त जोनल अधिकारियों को तीन सप्ताह में सर्वे की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। जिसके अंतर्गत अधिकारियों को यह सत्यापित करना होगा कि इन सड़कों पर किसी प्रकार का कोई अवैध कब्जा/निर्माण तो नहीं है।
उपाध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि इन जगहों पर किसी तरह का अवैध कब्जा/निर्माण है तो उनके विरूद्ध नियमानुसार उ.प्र. नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम-1973 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्यवाही की जाये। इसी तरह इन सड़कों के आस-पास यदि बिना मानचित्र स्वीकृत कराये कोई अनाधिकृत निर्माण हो रहा हो तो उसके विरूद्ध भी प्रभावी कार्यवाही की जाये।
इसके अलावा उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने अधिष्ठान विभाग को निर्देशित किया कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम व मोबाइल नम्बर उनके दायित्वों के साथ प्राधिकरण की बेवसाइट पर अपलोड किये जायें, जिससे कि लोग अपने कार्यों व समस्याओं के निराकरण के लिए सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी से आसानी से सम्पर्क कर सकें।
समीक्षा बैठक में विशेष कार्याधिकारी अमित राठौर, डी.के. सिंह, रामशंकर व राजीव कुमार समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
