
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गुरूवार को सामने आए विभिन्न एग्जिट पोल के नतीजे बता रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेहनत की बदौलत भारतीय जनता पार्टी सबसे बडी पार्टी बनकर तो उभर सकती है लेकिन हो सकता है कि इसे बहुमत के जादुई आंकडे से दूर रहना पडे। अधिकांश एग्जिट पोल में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलता नहीं दिखाया गया है। यानी, राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बन सकती है।
एबीपी-लोकनीति-सीएसडीएस के सर्वे के अनुसार, भाजपा को 164 से 176 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के गठबंधन को 156 से 169 सीटें मिलने का अनुमान है।
एबीपी के सर्वे में बसपा को 60 से 72 सीटें मिलती दिखाई गई हैं, जबकि अन्य के हिस्से में दो से छह सीटें जा सकती हैं।
टाइम्स नाऊ-वीएमआर के सर्वे के मुताबिक भाजपा को 190 से 210 सीटें जीत सकती है। यही एक सर्वे है जिसमें भाजपा को बहुमत का आंकडा छूते दिखाया गया है। इसके अनुसार, सपा-कांग्रेस को 110 से 130 सीटें और बसपा को 57 से 74 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के हिस्से आठ सीटें जा सकती हैं।
इंडिया न्यूज-एमआरसी के सर्वे की बात करें तो भाजपा को 185 सीटों पर जीत मिल सकती है। सत्तारूढ सपा और कांग्रेस के गठबंधन को 120 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। बसपा को इस सर्वे में 90 सीटें मिलने के आसार जताए गए हैं, जबकि अन्य उम्मीदवार आठ सीटों पर जीत सकते हैं।
इंडिया टीवी-सी वोटर के एग्जिट पोल में कहा गया है कि भाजपा 155 से 167 सीटें जीतकर सबसे ब़डी पार्टी बन सकती है। सपा-कांग्रेस को 133 से 147 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि बसपा को 81 से 93 सीटों पर जीत मिल सकती है। आठ से 20 सीटों पर अन्य दलों के उम्मीदवारों को जीत मिल सकती है।
गोवा में फिर आ सकती है भाजपा…
गोवा विधानसभा चुनाव के लिए गुरूवार को आए एग्जिट पोल सर्वे के मुताबिक सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी दोबारा सत्ता में आ सकती है। पहली बार चुनाव ल़ड रही आम आदमी पार्टी (आप) के भी राज्य में खाता खोलने की पूरी उम्मीद है।
इंडिया टीवी-सी वोटर के सर्वे के मुताबिक, 40 सीटों वाले गोवा विधानसभा में भाजपा को 15-21 सीटों पर जीत मिल सकती है। सर्वे के अनुसार कांग्रेस भी ज्यादा पीछे नहीं है, उसे 12 से 18 सीटें मिल सकती हैं। आप के हिस्सा चार सीटें जाने का अनुमान जताया गया है।
इंडिया न्यूज-एमआरसी के एग्जिट पोल में हालांकि त्रिशंकु विधानसभा का अनुमान व्यक्त किया गया है। इस सर्वे में भाजपा को 15 सीटों, कांग्रेस को 10 सीटों, आप को सात सीटों और अन्य दलों को आठ सीटों पर जीत मिल सकती है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के सर्वे में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलता दिखाया गया है। इस सर्वे के अनुसार भाजपा को 18-22 सीटें मिल सकती हैं, कांग्रेस के हिस्से नौ से 13 सीटें जा सकती हैं, आप को दो सीटों पर और अन्य दलों के उम्मीदवारों को चार से नौ सीटों पर जीत मिल सकती है।
उत्तराखंड में भाजपा को भारी बहुमत के आसार…
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए गुरूवार को सामने आए विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए गए एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को भारी बहुमत मिलता दिख रहा है।
इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के सर्वे में 70 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा को 46 से 53 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। इसके मुताबिक, सत्तारूढ़ कांग्रेस को 12 से 21 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य को छह सीटों पर जीत मिल सकती हैं।
इंडिया टीवी-सी वोटर का सर्वे भाजपा और कांग्रेस के बीच बराबर की टक्कर मान रहा है। इस सर्वे में भाजपा और कांग्रेस को बराबर-बराबर 29 से 35 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। न्यूज24-टुडे-चाणक्य के एग्जिट पोल में भाजपा को 53 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि कांग्रेस को 15 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के हिस्से दो सीटें जाती दिखाई गई हैं।
पंजाब में कांग्रेस व आप में कांटे की टक्कर…
पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजों का अनुमान लगाने के लिए किए गए एग्जिट पोल में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है, हालांकि कांग्रेस को कुल मिलाकर बढ़त मिलती दिख रही है।
सीएनएन न्यूज18-ग्रैमनर के अनुमान के मुताबिक, पंजाब विधानसभा की कुल 117 सीटों में आम आदमी पार्टी को 57, कांग्रेस को 53 और सत्तारूढ शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 7 सीटें मिल सकती हैं।
इंडिया टीवी-सी वोटर के सर्वेक्षण में आम आदमी पार्टी को 59-67 सीटें मिलती दिख रही हैं। कांग्रेस को 41-49 सीट, अकाली-भाजपा गठबंधन को 5-13 सीट जबकि अन्य के खाते में 0-3 सीटें जाती दिख रही हैं। आजतक-सिसेरो के अनुमान के मुताबिक, पंजाब में कांग्रेस को 62-71 सीटें, आम आदमी पार्टी को 42-51 सीटें, सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 4-7 सीटें और अन्य को 0-2 सीटें मिल सकती हैं।
इंडिया टुडे-एक्सिस के एग्जिट पोल में कांग्रेस को 62-71 सीटें, आम आदमी पार्टी को 42-51 सीटें, सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 4-7 सीटें जबकि अन्य के खाते में 0-2 सीटें जाती दिख रही हैं।
इंडिया न्यूज-एमआरसी के एग्जिट पोल में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी को 55-55 सीटें, शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 7 सीटें मिलने की बात कही गई है। न्यूज 24-टुडेज चाणक्य के सर्वे में कांग्रेस व आप को 54-54 सीटें, शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 9 सीटें मिलने की बात कही गई है।
मणिपुर में बना सकती है भाजपा सरकार…
पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर के विधानसभा चुनाव के लिए आजतक-सिसेरो द्वारा किए गए एक्जिट पोल सर्वे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे ब़डी पार्टी बनकर उभर सकती है। गुरूवार को जारी किए गए इंडिया टीवी-सी वोटर के सर्वेक्षण के अनुसार, 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा में भाजपा को 25 से 31 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। यानी कि इस पूर्वोत्तर राज्य में पहली बार भाजप सरकार बना सकती है।
सर्वे के अनुसार सत्तारूढ कांग्रेस को 17 से 23 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य के खाते में नौ से 15 सीटें जा सकती हैं। मणिपुर में बहुमत हासिल करने के लिए 31 सीटें जरूरी हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
