किसान दिवस का आयोजन जनपद स्तर पर कराया जाये: मुख्य सचिव


4e34er544434)लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने समस्त जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन जनपद स्तर पर कराया जाये।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी यदि उपयुक्त समझें तो इसे रोटेशन से तहसीलों पर भी आयोजित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसान बैठक में कृषि क्षेत्र से जुड़े हर विभाग के समस्त अधिकारी जिसमें सिंचाई, ऊर्जा एवं कृषि उत्पादन शाखा से जुड़े विभाग जैसे- कृषि, उद्यान, सहकारिता, मत्स्य, दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, गन्ना एवं रेशम विभागों के अधिकारियों के अतिरिक्त कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक, लीडबैंक मैनेजर तथा बीमा कम्पनियों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाये। उन्होंने कहा कि किसान दिवस बैठकोें में प्रगतिशील कृषकों को भी आमंत्रित किया जाये ताकि वह अपने-अपने गांवो की समस्याओं को बैठक में रख सके, जिससे समस्याओं का समाधान मिलने के उपरान्त उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि की जा सके। उन्होंने कहा कि बैठक में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों एवं अन्य कृषि वैज्ञानिकों तथा जनपद के कृषक प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाये।
मुख्य सचिव ने यह निर्देश परिपत्र जारी कर समस्त जिलाधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि समस्याओं के निदान के अतिरिक्त बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा उपस्थित किसानों को एकीकृत रूप से कृषि एवं अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाये। उन्होंने कहा कि किसानों को किसान-वैज्ञानिक-अधिकारी संवाद के विषय में जानकारी, किसानों के लाभ के लिए संचालित योजनाओं में दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी, किसानों को अनुदान पर कृषि निवेश एवं अन्य उपकरणों की जानकारी, संचालित योजनाओं के लाभार्थियों के चयन प्रक्रिया सम्बन्धी जानकारी, किसानों को विभिन्न विभागों द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के लाभों से अवगत कराया जाये। उन्होंने कहा कि जनपद में आयोजित की जाने वाली कृषि प्रदर्शनियों/मेलों के आयोजन की जानकारी उपलब्ध कराई जाये।
उन्होंने कहा कि वर्तमान खरीफ वर्ष में कमजोर मानसून की सम्भावित स्थिति के दृष्टिगत किसान दिवस में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को अल्प सिंचाई वाली फसलों की खेती किये जाने के सुझाव एवं इसकी जानकारी प्रदान की जाये।

Scroll To Top
Translate »