
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में मेधावी प्रतिभा सम्मान समारोह को सम्बोधित किया
लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर के नेपाल क्लब में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित मेधावी प्रतिभा सम्मान समारोह को सम्बोधित किया। उन्होंने हाईस्कूल, इण्टमीडिएट, स्नातक के 15-15 तथा परास्नातक के 37 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र तथा स्मृति चिन्ह् प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्हांेने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि 2500 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा एवं प्रतिभा होती है। आवश्यकता है कि उसे सकारात्मक दिशा में ले जाया जाए। राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की ऊर्जा परिलक्षित हो, इसके लिए विद्यार्थी परिषद प्रयासरत रहती है। यह सम्मान समारोह बहुत ही महत्वपूर्ण है तथा युवा पीढ़ी को नई दिशा देने वाला है। युवा पीढ़ी में अपार सम्भावनाएं एवं क्षमता होती है, जिसे सही मार्ग पर ले जाने का कार्य परिषद द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने इस अच्छे कार्य के लिए परिषद को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने तथा सभी को शिक्षित करने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हंै, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहने पाये और प्रदेश की साक्षरता शत्-प्रतिशत् हो। इस कार्य की सफलता में जन सहयोग आवश्यक है। समाज साक्षर, सुन्दर, सक्षम एवं स्वच्छ हो और शैक्षिक वातावरण पूरे परिवेश में दिखे इसके लिए सभी को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से नकलविहीन परीक्षा सम्पन्न करायी गयी है, जिससे पठन पाठन का अच्छा माहौल बने। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र पर नकल की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य में नकलविहीन परीक्षा के अच्छे परिणाम आए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कड़ी मेहनत करके अच्छे परिणाम लाने वाली प्रतिभाओं को आज सम्मानित कर गर्व का अनुभव हो रहा है। अगले वर्ष के परीक्षा परिणाम इससे भी बेहतर होंगे। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे स्कूल जाएं, इस उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ 01 से 30 अप्रैल तक तथा 01 से 31 जुलाई, 2018 तक चलाया गया, जिसके अच्छे परिणाम आए हैं। शिक्षित बच्चे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा से राष्ट्र के निर्माण में सहयोग प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में भी काॅमन सिलेबस का प्रस्ताव किया जाएगा। परीक्षा केन्द्र को औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि श्रद्धा के पवित्र केन्द्र के रूप में विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता का संस्कार सभी के अन्दर होना चाहिए। आज स्वच्छ भारत मिशन जनसहभागिता के माध्यम से जन आन्दोलन बन चुका है। स्वच्छता अभियान केवल व्यक्ति के लिए नहीं, सम्पूर्ण सर्वांगीण विकास का मानक बनना चाहिए और इसमें सभी को आगे आना होगा। बेस लाइन सर्वे द्वारा चिन्हित एक करोड़ 47 लाख के सापेक्ष अब तक एक करोड़ 46 लाख शौचालयों का निर्माण कराया जा चुका है। 30 नवम्बर, 2018 तक बचे हुए परिवारों को शौचालय उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डाॅ0 राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, फैजाबाद के पूर्व कुलपति प्रो0 राम अचल सिंह ने कहा कि छात्र शक्ति, राष्ट्रशक्ति है। समाज और राष्ट्र के निर्माण में युवा वर्ग अपनी ऊर्जा और क्षमता का प्रयोग करे, हार से कभी निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि बार बार प्रयास करना चाहिए, निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। बच्चों की प्रतिभा, स्वाभिमान को जगाने की आवश्यकता है, स्वाभिमान कभी गिरने नहीं देता है और अभिमान बढ़ने नहीं देता है।
इस अवसर पर श्री राजसरन शाही, सुश्री उमा श्रीवास्तव, श्री वैभव चतुर्वेदी, श्री चन्द्र प्रकाश, प्रो0 नरेन्द्र कुमार राय आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री हर्षवर्धन ने किया।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने दो प्राथमिक विद्यालयों मोहद्दीपुर रेलवे तथा गोरखनाथ कन्या नगर क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता, पठन पाठन का माहौल, फर्नीचर, काॅपी, किताब, यूनीफाॅर्म, बैग आदि की सीधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों से वार्ता कर पढ़ाई की गुणवत्ता को परखा और उन्हें मेहनत करने की सलाह दी। निरीक्षण के समय मण्डलायुक्त श्री अमित गुप्ता, जिलाधिकारी श्री के0 विजयेन्द्र पाण्डियन आदि उपस्थित थे।
————-
https://rashtriyadinmaan.com
