LDA में फर्जी/कूटरचित दस्तावेज लगाने वाली फर्म ब्लैक लिस्ट , ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश



लखनऊ| लखनऊ विकास प्राधिकरण में फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज लगाने वाली फर्म मेसर्स अवन्तिका एसोसिएट को ब्लैक लिस्ट किया गया है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी की स्वीकृति मिलने के बाद मुख्य अभियंता इंदुशेखर सिंह ने इस सम्बन्ध में आदेश जारी किये। इसी के साथ उन्होंने उक्त फर्म के प्रोपराइटर अमोद राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के भी आदेश दिये हैं।

मुख्य अभियंता इंदुशेखर सिंह ने बताया कि अमोद राय की फर्म मेसर्स अवन्तिका एसोसिएट लखनऊ विकास प्राधिकरण में ठेकेदारी में श्रेणी-बी में पंजीकृत हैं। प्रोपराइटर अमोद राय द्वारा प्राधिकरण में नगर पालिका परिषद, नवाबगंज, बाराबंकी के अनुभव प्रमाण-पत्र लगाये गये थे। इसका वहां के अधिशासी अधिकारी से सत्यापन कराया गया, जिसमें उनके द्वारा यह पुष्टि की गई कि उक्त अनुभव प्रमाण-पत्र नगर पालिका परिषद से जारी नहीं किए गये हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि उक्त फर्म के प्रोपराइटर ने प्राधिकरण में फर्जी/कूटरचित अनुभव प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किये थे। इसी तरह उक्त फर्म/प्रोपराइटर के नाम से प्राधिकरण में ठेकेदारी के लिए लगाया गया हैसियत प्रमाण-पत्र भी फर्जी एवं कूटरचित पाया गया।

मुख्य अभियंता ने बताया कि धोखाधड़ी उजागर होने पर ठेकेदार से इस सम्बन्ध में स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया था, जिसका उसके द्वारा कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। इस पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी के आदेशानुसार उक्त फर्म को काली सूची (ब्लैक लिस्ट) में डालने और एफआईआर दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है।


Scroll To Top
Translate »