बाहुबली नेता राजा भैया समेत पांच जनों पर हत्या का मुकदमा दर्ज


 

raja-23-1489290637-183234-khaskhabar

 

रायबरेली। प्रतापगढ के सीओ जियाउल हक हत्याकांड के चौथे आरोपित योगेन्द्र यादव की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में शनिवार को मंत्री राजा भैया समेत पांच जनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। राजा भैया के चुनाव जीतने के साथ ही उनके खिलाफ यह मुकदमा दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ साजिश के तहत एक युवक की हत्या कराने का आरोप लगा है। युवक की मौत शुक्रवार को ट्रक की टक्कर लगने पर हुई।

पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद ने बताया कि ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के अरखा गांव के पास शुक्रवार को रात में मोटरसाइकिल सवार 25 वर्षीय युवक योगेन्द्र यादव को एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई थी। पुलिस ने ट्रक चालक को पकड लिया था। उन्होंने बताया कि योगेन्द्र प्रतापगढ के हथिगवां थाना क्षेत्रा के बलीपुर गांव का निवासी था। इस मामले में मृतक के चाचा सुधीर कुमार यादव ने आज ऊंचाहार कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जिसमें कुंडा से विधायक राजा भैया, विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी, राजा भैया के कर्मचारी नन्हें सिंह और उनके वाहन चालक संजय प्रताप सिंह तथा दुर्घटना करने वाले ट्रक चालक को नामजद किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि राजा भैया ने साजिश करके योगेन्द्र यादव को ट्रक से कुचलवाकर उसकी हत्या कराई है। बहरहाल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके विवेचना शुरू कर दी है।


Scroll To Top
Translate »