लखनऊ: आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्षा एवं समाजसेविका तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की ब्राण्ड एम्बेंसडर श्रीमती सुरभि रंजन ने कहा है कि स्कूलों में रोड सेफ्टी क्लब का गठन नोडल टीचर की देख-रेख में जागरूक छात्र-छात्राओं के साथ किया जाये। उन्होंने कहा कि रोड सेफ्टी क्लब के माध्यम से स्कूलों के समस्त छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों व सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अधिकांश दुर्घटनाएॅ मानवीय भूल एवं यातायात नियमों की सम्यक जानकारी न होने के अभाव में होती हैं, इसलिये सभी जिलों की आकांक्षा समितियां अपने-अपने जनपद में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिये स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित करायें।आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्षा एवं समाजसेविका श्रीमती सुरभि रंजन आज सी0एम0एस0 गोमतीनगर में परिवहन विभाग द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रही थीं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की भी सुरक्षा होती है, इसलिए सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सड़कों पर जीवन को सुरक्षित रखने के लिए यातायात नियमों का और अधिक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराने में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित कराई जाये।
श्रीमती रंजन ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं, उनके प्रति हमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन नहीं चलाने देना चाहिये। उन्होंने जनमानस से विद्यालयों के सामने वाहन धीमी गति से चलाये जाने की अपील की, ताकि विद्यालयों के आसपास वाहनों की तीव्र गति से होने वाली वाहन दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्षा ने कहा कि नशीले पदार्थ का सेवन कर तथा मोबाइल पर बात हुये वाहन न चलायें। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट लगाकर तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को यातायात नियमों की जानकारी होना ज्यादा जरूरी है, इसके लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाये, ताकि यातायात नियमों का अनुपालन छात्र-छात्राओं द्वारा अधिक से अधिक किया जाये।
श्रीमती रंजन ने कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता प्रदान करने मंे शासकीय विभागों के साथ-साथ आम नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी नियत कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि सड़क दुर्घटना से होने वाली क्षति को अधिक से अधिक कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि आकांक्षा समिति भी हर स्तर पर सड़क सुरक्षा के नियमों के व्यापक प्रचार-प्रसार में अपनी पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करेगी।
परिवहन आयुक्त श्री के0रवीन्द्र नायक ने कहा कि सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों का पालन करने में जागरूकता हेतु शीघ्र ही उत्तर प्रदेश में रोड सेफ्टी क्लब फेडरेशन की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा कि परिवहन व शिक्षा विभाग के अधिकारी समन्वय कर प्रत्येक माह कुछ स्कूलों के नोडल शिक्षकों की बैठक अवश्य आयोजित करायें। उन्होंने कहा कि दुर्घटना ग्रस्त व्यक्ति की सहायता करना नैतिक दायित्व है तथा कानूनी प्रक्रिया को पूर्ण करने मे मददगार व्यक्ति के साथ सहयोगात्मक रवैया का परिचय देना चाहिए।
इस अवसर पर परिवहन विभाग की विशेष टीम द्वारा यातायात के नियमों को पालन करने के प्रति जागरूकता प्रदान करने हेतु नुक्कड़ नाटक एवं प्रोजक्टर के माध्यम से लघु ्िफल्में प्रदर्शित की गयी, जिसकी लोगों ने भूरि-भूरि सराहना की। कार्यक्रम का शुभारम्भ श्रीमती सुरभि रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया तथा आयोजन में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया।
कार्यक्रम मेें हैप्पी फ्रेन्ड्स क्लब की अध्यक्षा श्रीमती हिमा बिन्दु नायक, अपर आयुक्त श्री सगीर अहमद अंसारी, डा0 आनन्द त्रिपाठी, श्री आ0एम0 कपूर सहित अन्य आगन्तुक अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के लगभग 600 छात्र-छात्राओं एवं उनके नोडल शिक्षकों ने भी भाग लिया।
https://rashtriyadinmaan.com
