मुख्यमंत्री ने सैफई, जनपद इटावा पहुंचकर दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर पर प्रधानमंत्री, राज्यपाल तथा उ0प्र0 शासन की ओर से पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी

लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सैफई, जनपद इटावा पहुंचकर दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल तथा उत्तर प्रदेश शासन की ओर से पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार आज (मंगलवार) उनके पैतृक गांव सैफई में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अखिलेश यादव ने पिता मुलायम सिंह यादव को मुखाग्नि दी। उनका पार्थिव शरीर सोमवार की दोपहर सैफई पहुंचा था। मंगलवार की दोपहर उनका पार्थिव शरीर को मेला ग्राउंड लाया गया था। नेता जी के बेटे अखिलेश ने पत्नी डिंपल यादव के साथ अंतिम संस्कार से पहले की विधियां पूरी कीं। भाजपा सांसद वरुण गांधी मंगलवार को सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वह अखिलेश यादव को गले लगाकर भावुक हो गए और रोने लगे।

अंतिम संस्कार में पहुंचे केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, अभिनेता अभिषेक बच्चन ने नेताजी मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन किए और अपनी श्रद्धांजलि दी।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू और भारतीय जनता पार्टी नेता रीता बहुगुणा जोशी भी यादव को अंतिम विदाई देने के लिए सैफई मेला ग्राउंड पंडाल में पहुंच चुके हैं। उद्योगपति अनिल अंबानी, एनसीपी नेता शरद पवार भी सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।
https://rashtriyadinmaan.com
