लखनऊ। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने नाइट स्ट्रीट बाजार के कांसेप्ट पर गंभीरता से मंथन शुरू कर दिया है। जीडीए अधिकारियों ने इंदिरापुरम एसटीपी की खाली 11 एकड़ जमीन पर मार्केट ऑन व्हील्स (मोबाइल मार्केट) की संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी है। इस मोबाइल मार्केट में शाम को ऐसी दुकानें सजेंगी, जो तीन-चार घंटे बाद वहां से हट जाएंगी।
जीडीए वीसी के निर्देश पर अधिकारियों ने इसकी रूपरेखा बनानी शुरू की है। रूपरेखा तैयार होने पर इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। दिन भर नौकरी-व्यवसाय के चलते व्यस्त रहने वाले शहरवासियों को जीडीए वीसी ने नाइट स्ट्रीट की सौगात देने की योजना बनाई है। इस कांसेप्ट में तरह-तरह के फूड स्टाल, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक्स, कॉफी शॉप, बच्चों के लिए झूलों समेत छोटी-छोटी चीजों का बाजार सजेगा। खाने-पीने के साथ लोग यहां मनोरंजन कर सकेंगे।
जीडीए एक निर्धारित शुल्क लेकर ऐसी दुकानों का स्थान निर्धारित करेगा। खास बात यह होगी कि यहां लगने वाली दुकानें ठेली या रेहड़ी पर नहीं होंगी। ओपन वैन कार या खूबसूरत लुक वाले मूविंग कियोस्क को ही अनुमति दी जाएगी। आधुनिक लाइट्स से पूरी बाजार की सज्जा होगी। जीडीए अधिकारियों ने फिलहाल इस कांसेप्ट की ड्राफ्टिंग शुरू कर दी है।
https://rashtriyadinmaan.com
