
lucknow |गाज़ियाबाद हिंडन किनारे डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों पर शिकंजा कसेगा। जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी ने प्रवर्तन अनुभागों के जोन प्रभारियों को निर्देश दिया है कि हिंडन नदी से सटे जोन के डूब क्षेत्र के अवैध निर्माणों को चिह्नित किया जाए। इसके बाद सूची बनाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
हिंडन को प्रदूषणमुक्त कर जीवित करने के लिए मेरठ के मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने अभियान चलाया हुआ है। इसके तहत जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी ने हिंडन नदी से सटे जोन प्रभारियों को आदेश दिए हैं कि डूब क्षेत्र के हुए अवैध निर्माणों की सूची बनाई जाए। साथ ही डूब क्षेत्र में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगाया जाए। जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर जोन प्रभारी डूब क्षेत्र के अवैध निर्माण की सूची तैयार करने में जुट गए हैं। वहीं, क्रशर सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों को भी इस सूची में शामिल किया जा रहा है। इन सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जीडीए अधिकारियों का कहना है कि हिंडन नदी से सटे डूब क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण की सूची तैयार कर रहे हैं। इस सूची के अधार पर ही अगले हफ्ते से अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी।
जीडीए अधिकारियों का कहना है कि सबसे पहले जीडीए प्रवर्तन अनुभाग की ओर से जोन आठ में असालतनगर, करहेड़ा सहित अन्य क्षेत्रो में डूब क्षेत्रों के अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जोन छह में इंदिरापुरम, नया पुश्ता, कनावनी में चल रहे क्रेशर व अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलेगा। साथ ही जोन पांच में एनएच-24 से सटी कनावनी राहुल विहार की कालोनियों में अब नए निर्माण पर रोक लगाई जाएगी।
प्राधिकरण के प्रवर्तन अनुभाग की ओर से बीते सोमवार राजनगर एक्सटेंशन करहेड़ा में डूब क्षेत्र में बने रामरहीम के आश्रम को ध्वस्त किया था। इसके साथ ही कुल 10 अन्य अवैध निर्माणों को भी गिराया गया था। इससे पहले भी प्राधिकरण ने डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया है।
https://rashtriyadinmaan.com
