जीडीए 20 करोड़ से बनाएगा जिले की सबसे बड़ी मल्टीलेवल पार्किंग , खड़े हो सकेंगे 700 वाहन


 

11001939_613597932118477_8570140175049828253_n

 

lucknow / गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) आरडीसी (राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर) में 20 करोड़ रुपये से जिले की सबसे बड़ी मल्टीलेवल कार पार्किंग बनाएगा। यहां एक साथ 700 वाहन खड़े हो सकेंगे। जीडीए बोर्ड बैठक में मंगलवार को इसकी मंजूरी दे दी गई। फरवरी के अंत तक इसके लिए डीपीआर तैयार हो जाएगी। अप्रैल से इस पर काम शुरू होगा और साल भर में पूरा हो जाएगा।

आरडीसी गाजियाबाद का मुख्य व्यावसायिक केंद्र है। यहां दो मॉल और 50 से ज्यादा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के शोरूम हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में कंपनियों के दफ्तर हैं। ऐसे में यहां रोजाना 10 हजार से ज्यादा लोग खरीदारी और नौकरी करने के लिए आते हैं। इसके कारण आरडीसी में वाहन खड़ा करने की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, इससे आए दिन यहां जाम लगता है। इस समस्या को देखते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने यहां माल्टीलेवल पार्किंग बनाने का फैसला किया है। जीडीए के अधिकारी बताते हैं कि आरडीसी में मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी। यह पार्किंग तीन मंजिला होगी। करीब 700 वाहनों की क्षमता वाली इस पार्किंग के बनने से वाहनों को खड़ा करने की समस्या दूर हो जाएगी। फरवरी के पहले हफ्ते में सलाहकार (कंसल्टेंट) नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद मल्टीलेवल पार्किंग की डीपीआर तैयार की जाएगी। अप्रैल से इसका काम शुरू कर एक साल में इसे पूरा कर दिया जाएगा।

जीडीए अधिकारियों का कहना है कि आरडीसी में सबसे बड़ी मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी। यहां 700 वाहन खड़ा कर सकेंगे। कलेक्ट्रेट में बनी मल्टीलेवल पार्किंग में 200 वाहन खड़े होते हैं वहीं वैशाली मेट्रो की मल्टीलेवल पार्किंग में 400 वाहन खड़ा करने की व्यवस्था है।आरडीसी में पार्किंग जमीन के नीचे दो तल में बनाई जाएगी, इसके लिए यहां दो बेसमेंट बनाए जाएंगे, जहां वाहन खड़े होंगे। जबकि जमीन पर सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

 

जीडीए अधिकारियों का कहना है कि प्राधिकरण ने आरडीसी में पांच हजार वर्ग मीटर जमीन पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की योजना बनाई है। यह प्राधिकरण की जमीन है।

—

1. 20 करोड़ से होगा हिंडन के पुराने पुल का निर्माण

पुराने शहर और ट्रांस हिंडन को जोड़ने के लिए सबसे महत्वपूर्ण पुराना हिंडन ब्रिज है। पिछले साल जुलाई में इस ब्रिज में दरार आ गई थी, तब से यह पुल बंद है। बाकी तीन नए पुल से ही ट्रैफिक गुजर रहा है। ऐसे में यहां जाम की समस्या है। जीडीए ने अब इस ब्रिज का निर्माण करने की योजना बनाई है। प्राधिकरण 20 करोड़ की लागत से हिंडन नदी के ऊपर नया ब्रिज बनाएगा। इस ब्रिज बनाने का काम मार्च तक शुरू कर दिया जाएगा। जीडीए के अधिकारियों का कहना है कि एक साल में ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

—

2. मधुबन बापूधाम आरओबी के जरिये एनएच 58 से जुड़ेगा

मधुबन बापूधाम को एनएच 58 से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग बनाया जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण एनएच-58 से मधुबन बापूधाम आवासीय योजना के बीच में आने वाली रेलवे लाइन के उपर आरओबी का निर्माण करेगा। इस आरओबी के बनने से मधुबन बापूधाम तक पहुंचना आसान हो जाएगा। बता दें कि जीडीए ने 13 साल पहले मधुबन बापूधाम योजना 1234 एकड़ में विकसित की थी, लेकिन संपर्क मार्ग नहीं होने के कारण यह योजना परवान नहीं चढ़ सकी। इसलिए जीडीए यहां चार लेन का आरओबी बनाएगा। इस पर वह 20 करोड़ रुपये खर्च करेगा।


Scroll To Top
Translate »