रांची : गिरिडीह में माओवादियों ने सात लैंडमाइंस विस्फोट किये. यह विस्फोट तब हुआ जब शनिवार को अपहरण किये गये चार कर्मचारियों की तलाश में पुलिस कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही थी. विस्फोट की पुष्टि करते हुए एसपी ने जानकारी दी कि इस घटना में छह सुरक्षाकर्मी घायल हो गये है
ज्ञात हो कि माओवादियों ने झारखंड की राजधानी रांची से लगभग ढाई सौ किलोमीटर दूर गिरिडीह जिले में पीरटांड थानांतर्गत नवकन्या गांव से प्रधानमंत्री ग्रामीण विकास फेलोशिप कार्यक्रम के तहत कार्य कर रहे तीन लोगों और एक सरकारी कर्मचारी समेत पांच लोगों का शनिवार शाम अपहरण कर लिया लेकिन बाद में उनके वाहन चालक को रिहा कर दिया.
पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार शाम लगभग साढ़े चार बजे करीब एक दर्जन सशस्त्र माओवादियों ने गिरिडीह के पीरटांड थाना क्षेत्र में इस घटना को उस समय अंजाम दिया जब एक गाड़ी से यह सभी क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे. माओवादियों ने उन्हें गाड़ी के साथ अपहृत कर लिया और पास के जंगल की ओर ले जाकर गाड़ी के चालक को रिहा कर दिया और अन्य चारों लोगों को अपने साथ जंगल में ले गये. उन्होंने बताया कि अपहृत चारों लोगों की व्यापक तलाश की जा रही है लेकिन अब तक उनके बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका है.
https://rashtriyadinmaan.com
