हरियाणा : HSIIDC केएमपी एक्सप्रेस-वे के पास विकसित करेगा नए औद्योगिक क्षेत्र, 285 एकड़ जमीन का अधिग्रहण की तैयारी


गुरुग्राम।देशभर के बड़े उद्यमियों की मांग को देखते हुए केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेस-वे (KMP Expressway) के पास नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। बाहरी कंपनी हरियाणा में उद्योग स्थापित करना चाहती हैं। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

एचएसआईआईडीसी के चीफ कोऑर्डिनेटर (इंडस्ट्रीज) और एचओडी एस्टेट सुनील शर्मा ने रविवार को सेक्टर-29 स्थित एचएसवीपी जिमखाना क्लब में हुई प्रेसवार्ता में बताया कि केएमपी के सटे गुरुग्राम के पाटिल हाजीपुर में 285 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है। यहां पर वेयर हाउस और ट्रांसपोर्ट हब बनाने की योजना है। एटीएल कंपनी को यहां पर 180 एकड़ जमीन आवंटित कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उद्योगों की सुविधा के लिए विवादों का समाधान योजना की घोषणा गुरुग्राम में की थी। इसके तहत आवंटियों को रेगुलर इंटरेस्ट, मेंटिनेंस तथा एक्सटेंशन फीस माफी सहित कई अन्य प्रकार की छूट भी गई थी। ऐसा पहली बार हुआ है कि आवंटियों द्वारा स्वेच्छा से इतनी बड़ी राशि का भुगतान किया गया है। एचएसआईआईडीसी के आवंटियों की लगभग 1000 करोड़ रुपये की राशि प्रदेश में बकाया थी, जिसमें से 650 करोड़ की रिकवरी हुई है। 350 करोड़ की छूट दी गई। इससे प्रदेश की लगभग 5000 यूनिटों को फायदा मिला है। उद्यमियों का मानना है कि नए आद्यौगिक क्षेत्र से मानेसर और सोहना को भी बड़ा लाभ मिलेगा

उद्यमियों की सुविधाओं के लिए पोर्टल बनाया गया

एचओडी एस्टेट ने कहा कि इस योजना के तहत आवंटियों की समस्याओं के समाधान के लिए पोर्टल (www.hsiidcesewa.org.in और httpp://hsiidc.bids.in) बनाया गया, ताकि मानव हस्तक्षेप कम से कम हो और पेपर लैस सिस्टम को बढ़ावा मिले। इस पोर्टल पर उद्योगों के बकाया, योजना के तहत मिलने वाले फायदे, पोर्टल से चालान जनरेट करने तथा और इसी के माध्यम से भुगतान करने संबंधी सुविधा दी गई। इस कार्य में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती जा रही है।

खरखौदा में भी औद्योगिक क्षेत्र विकसित होगा

सुनील ने कहा कि कोरोना काल में 50 बड़ी औद्योगिक इकाइयों ने हरियाणा में अपने उद्योग स्थापित करने की इच्छा जताई है। इसमें 20 इकाई फाइनल हो चुकी है, जबकि 30 प्रोजेक्ट पाइपलाइन में हैं। केएमपी के सटे आईएमटी खरखौदा में 3200 एकड़ जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित होगा। इसमें 900 एकड़ भूमि पर मारुति कंपनी द्वारा एक अन्य प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इस प्लांट को स्थापित करने संबंधी सभी औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं।

नए उद्योग लगने से रोजगार के अवसर बनेंगे

एचएसआईआईडीसी के चीफ कोऑर्डिनेटर (इंडस्ट्रीज) और एचओडी एस्टेट सुनील शर्मा ने कहा कि नए प्लांट के बनने से प्रदेश वासियों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। इतना ही नहीं एचएसआईआईडीसी द्वारा कोरोनाकाल में इस वर्ष अप्रैल माह से अक्टूबर तक 1500 करोड़ रुपये के प्लॉट ई-ऑक्शन के माध्यम से उद्योगों को बेचे जा चुके हैं। एचएसआईआईडीसी की पॉलिसी से प्रभावित होकर अब उद्योग हरियाणा में निवेश करना चाहते हैं। प्रदेश उद्योगों के लिए पहली पसंद बन गया है।

दिल्ली की औद्योगिक इकाइयां भी निवेश के लिए इच्छुक

दिल्ली की कुछ औद्योगिक इकाइयों जैसे प्लास्टिक एसोसिएशन, मार्बल एसोसिएशन, फूटवियर एसोसिएशन, इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन व करियाना एसोसिएशन ने भी हरियाणा में अपने उद्योग स्थापित करने की इच्छा जाहिर की गई है। इसके लिए एचएसआईआईडीसी द्वारा एक योजना बनाई गई है। दिल्ली के नरेला व मंगोलपुर सहित बवाना की औद्योगिक इकाइयों ने हरियाणा में अपने उद्योग स्थापित करने को लेकर संपर्क किया है। इस अवसर पर एचएसआईआईडीसी के पदाधिकारी सहित पीआर एडवाइजर पुनीत अरोड़ा, आईएमटी मानेसर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी मनोज त्यागी, प्रवीण यादव समेत कई व्यक्ति उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »