राहुल ने मोदी सरकार पर धोखा देने का आरोप लगाया


 

image_306039

नयी दिल्ली।  कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) योजना के मामले में ‘‘झूठ” बाेलने और धोखा देने का आरोप लगाते हुए आज मांग की कि सरकार इस योजना को उसकी मूल भावना के अनुरूप लागू करें। श्री गांधी ने यहां पार्टी मुख्यालय में लगभग 70 पूर्व सैनिकों के साथ एक घंटे से ज्यादा समय तक चली मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि मोदी सरकार ओआरओपी पर पूर्व सैनिकों से लगातार झूठ बोल रही है और उन्हें धोखा दे रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार जिसे ओआरओपी कह रही है वह असल में पेंशन में बढोतरी है। उन्होंने कहा “ यह सेना का प्रत्येक जवान, कर्नल और जनरल जानता है कि मोदी सरकार जिसे ओआरओपी बता रही है वह ओआरओपी नहीं है।” आेआरओपी को लागू करने के सरकार के दावे पर कांग्रेस नेता ने सवाल किया, “ यदि सरकार ने ओआरओपी लागू कर दिया है तो पूर्व सैनिक यहां जंतर मंतर पर धरने पर क्यों बैठे हैं।” उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा के लिए अपनी जिंदगी का पूरा वक्त दिया है और ओआरओपी उनका हक है इसलिए सरकार को उन्हें उनका हक देना पड़ेगा।


Scroll To Top
Translate »