मुख्यमंत्री ने देवबन्द, सहारनपुर में बनाये जाने वाले ‘उर्दू दरवाजा’ का शिलान्यास किया


unnamed888888
समाजवादियों ने लोगों को जोड़ने के लिए लगातार काम किया: मुख्यमंत्री 
लखनऊ:  मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादियों ने लगातार लोगों को जोड़ने के लिए काम किया है। देश और समाज की यह बड़ी जरूरत है कि लोग आपस में भरोसा करें तथा आपसी प्रेम और भाईचारे को बनाये रखने तथा बढ़ाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रयास करने वालों की सराहना के साथ ही, उन्हें बढ़ावा भी दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं शिक्षाविद हजरत शेख-उल-हिन्द मुफ्ती महमूद-उल-हसन की स्मृति में देवबन्द, सहारनपुर में बनाये जाने वाले ‘उर्दू दरवाजा’ के शिलान्यास समारोह में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उ0प्र0 उर्दू अकादमी की ओर से बनवाया जा रहा लाल पत्थर का यह दरवाजा 30ग्45 फुट का होगा।
श्री यादव ने कहा कि यह दरवाजा ऐसे व्यक्ति के नाम पर बनाया जा रहा है, जो एक बड़े विद्वान होने के साथ ही, देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले महान शख्सियत थे। यह दरवाजा मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम देने वाला होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे ही और भी अनेक दरवाजे बनाये जाने की जरूरत है, जिससे समाज में यह संदेश जाए कि इस देश को सभी लोगों ने मिलकर बनाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकारों ने हमेशा प्रदेश की भाषाओं, उनके साहित्य, संगीत सहित सभी ललित कलाओं को बढ़ावा देने का काम किया है। समाजवादियों ने पिछली सरकार द्वारा बन्द कर दिए गये सम्मानों को फिर से शुरू करने के साथ ही, इस बात का भी पूरा खयाल रखा कि सम्मानित लोगों का सम्मान समाज में नजर भी आये। इसके लिए सम्मानित लोगों की पूरी आर्थिक मदद की कोशिश की गई है, क्योंकि कई बार सम्मानित लोगों की आर्थिक स्थिति उतनी अच्छी नहीं होती, जितना महत्वपूर्ण कला के क्षेत्र में उनका योगदान होता है।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार की कोशिश रही है कि प्रदेश के हर वर्ग, धर्म, भाषा और व्यक्ति की उन्नति हो और वह आगे बढ़े। सरकार ने उ0प्र0 हिन्दी संस्थान की मदद की है, तो उ0प्र0 उर्दू अकादमी का भी पूरी सहायता की गयी है। लखनऊ व गाजियाबाद में हज हाउस बनवाया गया है, तो अयोध्या और चित्रकूट में भजन स्थल भी निर्मित किये गये हैं। उ0प्र0 उर्दू अकादमी द्वारा कोचिंग और स्टडी सेन्टर के माध्यम से बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए काम करने की तारीफ करते हुए उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यही बच्चे प्रदेश और देश को चलाने का काम करेंगे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए नगर विकास मंत्री श्री मोहम्मद आज़म खां ने कहा कि प्रदेश में नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव के दौर से उर्दू की जो खिदमत शुरू हुई थी, हज हाउस और आई0ए0एस0 स्टडी सेन्टर आदि के निर्माण से वर्तमान समाजवादी सरकार ने उसे आगे बढ़ाया है। उ0प्र0 उर्दू अकादमी के चेयरमैन श्री डॉ0 नवाज़ देवबन्दी ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने उर्दू अकादमी का बजट दो गुना तथा आई0ए0एस0 स्टडी सेन्टर के बजट में 50 लाख रुपए की बढ़ोत्तरी करके उर्दू भाषा को प्रोत्साहित किया है। इस मौके पर उ0प्र0 हिन्दी संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष श्री उदय प्रताप सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
unnamed888888इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री यासर शाह, जन्तु उद्यान राज्य मंत्री श्री एस0पी0 यादव, मुख्य सचिव श्री दीपक सिंघल सहित शासन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Scroll To Top
Translate »