
लखनऊ | आईआईटी, काशी हिन्दू विश्व विद्यालय से निकले और लखनऊ में रहने वाले इंजीनियरों का होली एवं ईद मिलन समारोह आज रविवार, दिनांक 14 अप्रैल , 2024 को, सिंचाई विभाग के चौधरी चरण सिंह सभागार, उदयगंज, लखनऊ में सम्पन्न हुआ। इसमें विभिन्न संगठनों में कार्य कर चुके तथा वर्तमान में कार्यरत, लगभग 75 अभियन्ताओं ने सपरिवार भाग लिया। सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली और ईद की बधाइयाँ दीं।
कार्यक्रम का शुभारम्भ बीएचयू इंजीनियर्स अल्यूमिनी, लखनऊ के अध्यक्ष इं० उदयभान पाण्डेय ‘भान’ एवं वरिष्ठ सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के उपरान्त काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक पं. मदनमोहन मालवीय जी के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद बीएचयू का पारम्परिक कुलगीत, “मधुर मनोहर अतीव सुन्दर, यह सर्वविद्या की राजधानी.. ” का गायन इं० उदयभान पाण्डेय, इं० संदीप जायसवाल, श्रीमती रेखा मल्होत्रा एवं अन्य सदस्यों द्वारा किया गया जिसे सभी सदस्यों द्वारा समवेत स्वर में गाया गया। इसके पश्चात् महासचिव इं० परेश प्रसाद ने भव्य समारोह में सभी सदस्यों का फूलों की वर्षा से स्वागत किया।
तदोपरांत अध्यक्ष इं० उदयभान पाण्डेय ‘भान’ के निर्देशन में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसका सुंदर संचालन इं. परेश प्रसाद, महासचिव एवं इं० अनिल कुमार गुप्ता,सांस्कृतिक सचिव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत, माँ दुर्गा के भजन, “सर्वेश्वरी जगदीश्वरी हे मातु रूप…” से इं० उदयभान पाण्डेय एवं साथियो ने करके वातावरण को भक्ति-भाव से भर दिया। इसके बाद श्री योगेन्द्र योगी ने भोजपुरी देवी भजन, “हाथ में त्रिशूल गरवा सोनवां के हार…” एवं तत्पश्चात् एक भोजपुरी प्रेरणा गीत, “खेत-बारी बँटि जाई..” अपने मधुर स्वर में गाकर दर्शकों को आत्मविभोर कर दिया।
इसके उपरान्त अध्यक्ष इं० उदयभान पाण्डेय ‘भान’ ने स्वरचित नज़्म, “चाँद का दीद हुआ ईद आज आई है, रंग होली के कई अपने संग लाई है..” प्रस्तुत कर सभी को होली और ईद की बधाई दी। एल्यूमिनी के अन्य सदस्यों ने फिल्म-गीत, ग़ज़ल, होली- गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया, जिनकी झलकियाँ निम्नवत् हैं:-
इं० संदीपकुमार जायसवाल- होली गीत: “आज न छोड़ेंगे हमजोली…” एवं “खइके पान बनारस वाला…”, इं० अनिल कुमार गुप्ता-फिल्म गीत: “पल-पल दिल के पास…”, श्रीमती रेखा मल्होत्रा – ग़ज़ल: “झुकी-झुकी सी नज़र बेक़रार है कि नहीं…..”, इं० कायम रज़ा रिज़्वी : फिल्म गीत “खुदा भी आसमां से जब ज़मीं पर देखता होगा…..” एवं इं० वीरेन्द्र कुमार सचदेवा – फिल्म गीत: “आ चल के तुझे मैं लेके चलूँ…”। इसी तारतम्य में अतिथि युवा गायिका कुमारी अवन्तिका पाण्डेय ने फिल्म गीत, “ एक राधा एक मीरा…” अत्यन्त मधुर एवं भावपूर्ण स्वर में गाकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। श्रीमती रीता अग्रवाल एवं इं० दिनेश चन्द्र अग्रवाल ने अत्यन्त मज़ेदार “हास्य-व्यंग्य” प्रस्तुत कर सभी को खूब हँसाया। सुप्रसिद्ध संगीतकार
श्री निर्मल कुमार पाल ने एकार्डियन पर कई पुराने गीत बजाकर सभी को आनन्दित कर दिया। संस्था के संस्थापक इं० विजय प्रताप जी ने अपने आशीर्वचन देते हुए सभी के सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा की और इस
पुरा छात्रों के संगठन को और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अन्त में इं० उदयभान पाण्डेय ‘भान ने स्वरचित सामयिक भोजपुरी चैती, “ भइलैं दसरथ घर ललनवां हो रामा….” एवं स्वरचित मसाने की होली, “भोला होली खेलैं आज मसाने में…” अपने मधुर स्वर में गाकर दर्शकों की वाहवाही बटोरी।
सबसे अन्त होली का गुलदस्ता, सभी कलाकारों ने मिलकर प्रस्तुत किया जिनमें, “होली आई रे कन्हाई रंग छलके…, रंग बरसे भींजे चुनर वाली एवं होली खेलैं रघुवीरा अवध में..” गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को होली के रंग में सराबोर कर दिया।
सबसे अन्त में इं० उदयभान पाण्डेय ‘भान’, अध्यक्ष ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित
किया और सदस्यों से इसी तरह सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।
**
इं० अनिल कुमार गुप्ता, सांस्कृतिक सचिव ,
बीएचयू इंजीनियर्स अल्यूमिनी, लखनऊ
मो.8840724472, 7376232540
https://rashtriyadinmaan.com
