केजरीवाल की सलाहकार स्वाति होंगी दिल्ली महिला आयोग की नई अध्यक्ष


 

2015_7image_11_15_227777582swati-llनई दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सलाहकार स्वाति मालीवाल अब दिल्ली महिला आयोग की नई अध्यक्ष होंगी। पार्टी और सरकार के स्तर पर स्वाति मालीवाल के नाम को तय कर लिया गया है। स्वाति मालीवाल ग्रीनपीस एनजीओ में लंबे समय तक काम कर चुकी है। आयोग की मौजूदा अध्यक्ष बरखा सिंह का कार्यकाल 18 जुलाई को खत्म हो रहा है।

बता दें कि स्वाति मालीवाल हरियाणा में आप के बड़े चेहरे नवीन जयहिंद की पत्नी हैं। दिल्ली सरकार के इस फैसले की सोशल मीडिया में आलोचना हो रही है, क्योंकि पार्टी ‘परिवारवाद’ से खुद को मुक्त बताती रही है। केजरीवाल ने जब स्वाति को 1.15 लाख रुपये की तनख्वाह पर अपना सलाहकार (शिकायत मामलों का) नियुक्त किया था, तब भी उनकी कड़ी आलोचना की गई थी। नवीन जयहिंद पूर्व आप नेता योगेंद्र यादव के धुर विरोधी और केजरीवाल के वफादार माने जाते हैं।

स्वाति अरविंद के संपर्क में इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) के वक्त आईं थी। वह आईएसी की कोर टीम का हिस्सा भी रह चुकी हैं।  सरकार की तरफ से इसी हफ्ते के अंत तक या फिर अगले हफ्ते स्वाति के नाम को आगे बढ़ाया जा सकता है। आम आदमी पार्टी ने अपने पहले कार्यकाल में साहित्यकार मैत्रेयी पुष्पा को आयोग का अध्यक्ष बनाने की कोशिश की थी लेकिन तब उसे सफलता नहीं मिली थी। दिल्ली महिला आयोग के ज्यादातर सदस्यों का कार्यकाल भी जुलाई में ही खत्म हो रहा है। आयोग की अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह 2007 से इस पद पर हैं।


Scroll To Top
Translate »