IAS अफसरअनुराग तिवारी की मौत दम घुटने से हुई, SSP ने जांच सौंपी SIT को


 

IASANURAGIAS

 

लखनऊ :  पॉश कालोनी मीरा बायीं मार्ग स्थित राज्य अतिथि गृह में रुके आईएएस अधिकारी अनुराग तिवारी की हुई संदिग्ध मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। पुलिस जिसे हार्टअटैक या एक्सीडेंटल केस मानकर चल रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटने के कारण बतायी गयी है। इसके बाद एसएसपी ने आईएएस अधिकारी की मौत की जांच करने के लिए एसआईटी टीम का गठन किया है। SIT की टीम में क्षेत्राधिकारी हजरतगंज अवनीश मिश्रा सहित राजधानी के 4 थानेदार शामिल हैं।

 

बता दें कि 2007 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग तिवारी का संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे औंधे मुंह शव बुधवार को राजधानी के हजरतगंज इलाके में पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। वह मूलरूप से बहराइच जिले के कानूनगो पुरा दक्षिणी के रहने वाले थे। उनके पिता बीएन तिवारी ने बताया कि अनुराग अपने तीन भाइयों अलोक तिवारी, मयंक तिवारी में सबसे छोटा था। उसका जन्म 17 मई 1981 को हुआ था। उन्होंने बताया कि अनुराग ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से बीटेक की पढ़ाई की थी। इसके बाद साल 2007 में उसका चयन आईएएस में हुआ था। इसके एक साल बाद उनकी शादी हो गई थी। कुछ दिन तक सब ठीक चला. लेकिन पत्नी से अनबन के बाद अब कुछ दिन पहले ही उनका डाइवोर्स हुआ था। जन्मदिन पर बेटे की मौत की खबर मिलते ही पूरा परिवार सदमें में आ गया। पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
आईएएस अनुराग तिवारी लखनऊ विकास प्राधिकरण के वीसी के साथ उनके 19 नंबर कमरे में मीराबाई मार्ग गेस्ट हॉउस में रुके थे। बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे उनका शव मीराबाई मार्ग पर गेस्टहाऊस के निकट लगे ट्रांसफार्मर के सामने सड़क किनारे औंधे मुंह पड़ा मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को उनकी तलाशी के दौरान जेब से पर्स और पैसे मिले हैं। पुलिस ने जेब से मिले आईकार्ड के आधार पर उनकी शिनाख्त की। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो मृतक अधिकारी के मुंह और सिर पर चोट के निशान थे। आईएएस अधिकारी का शव मिलने की सूचना मिलते ही आईजी रेंज लखनऊ जय नारायण सिंह, एसएसपी दीपक कुमार सहित कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।

क्या कहना है एसएसपी का ?

एसएसपी ने बताया प्रारंभिक पड़ताल में यह सामने आया है कि उन्होंने मंगलवार की रात करीब 11 बजे अपने साथियों के साथ खाना खाया। आशंका है कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले होंगे और उनकी सड़क पर गिरने से मौत हो गई। पूछताछ में पता चला है कि वह मंसूरी में ट्रेनिंग लेने के बाद दो दिन पहले लखनऊ आये थे। एसएसपी ने बताया कि आईएएस अधिकारी के शव का पोस्टमार्टम चार डॉक्टरों के पैनल की देखरेख के बीच वीडियोग्राफी करके करवाया गया. इसमें मौत की वजह दम घुटने से हुई बताया गया है। फिलहाल विसरा सुरक्षित कर एसआईटी की टीम गठित करके जांच करवाई जा रही है।


Scroll To Top
Translate »