प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने लखनऊ में बढ़ रहे जाम की समस्या पर जतायी नाराजगी ,कहा एक्शन प्लान बनाए और शहर में जाम से मुक्ति के लिए स्थायी उपाय बनाएं


लखनऊ मण्डल के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने जनपद लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं की समीक्षा की

आगामी 04 एवं 05 मई, 2022 को अनाउन्स कर लोगों को अतिक्रमण स्वयं हटाने को कहा जाय और 06 मई, 2022 से सभी प्रकार के मुवेवल अतिक्रमण हटवाया जाय

स्मार्ट सिटी के तहत किए जा रहे कार्यों के अन्तर्गत वर्तमान में खुदी सड़कों के दुरूस्तीकरण का कार्य आगामी 15 मई तक व्यवस्थित ढंग से पूर्ण कर लिया जाए



लखनऊ} उत्तर प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य मंत्री एवं लखनऊ मण्डल के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज लखनऊ विकास प्राधिकरण के नवीन मसूद हाल में जनपद लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए लखनऊ में बढ़ रहे जाम की समस्या पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जाम की समस्या से निजात पाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाय। सड़कों पर अतिक्रमण को हटाया जाए। जिलाधिकारी, पुलिस के अधिकारी एवं नगर आयुक्त मिलकर एक्शन प्लान बनाए और शहर में जाम मुक्ति के लिए स्थायी उपाय बनाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी 04 एवं 05 मई, 2022 को अनाउन्स कर लोगों को अतिक्रमण स्वयं हटाने को कहा जाय और 06 मई, 2022 से सभी प्रकार के मुवेवल अतिक्रमण हटवाया जाय, जिससे आम जन को जाम की समस्या से निजात मिल सके।

प्रभारी मंत्री ने मण्डलायुक्त को निर्देश दिए कि ई-रिक्शा के रेगुलेशन के लिए रणनीति बनाकर कार्य किया जाए। शहर में ई-रिक्शा बेतरतीब इधर-उधर खड़े न हों। ई-रिक्शा के चलने के रूट निर्धारित किए जाएं। उन्होंने सीवर लाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी सीवर लाइन दुरूस्त हों। एडीएम सिटी तथा एडीएम ट्रांस गोमती इसकी नियमित मॉनीटरिंग करें। आगामी 10 मई के बाद कोई सीवर खुला नहीं रहना चहिए। स्मार्ट सिटी के तहत किए जा रहे कार्यों के अन्तर्गत वर्तमान में खुदी सड़कों के दुरूस्तीकरण का कार्य आगामी 15 मई तक व्यवस्थित ढंग से पूर्ण कर लिया जाए। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत कार्यों को पूर्ण किया जाए। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत शहर के 41 प्रोजेक्ट में 25 प्रोजेक्ट पूर्ण कर लिए गए हैं। 16 प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है, जिनमें 06 प्रोजेक्ट आगामी 15 मई तक पूर्ण कर लिए जाएंगे।

श्री सुरेश कुमार खन्ना ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत तारों के जाल को दुरूस्त कर व्यवस्थित किया जाए और व्यवस्थित रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विद्युत ओवरलोड की समस्या के लिए रणनीति बनाकर कार्य किया जाए। विद्युत कनेक्शन के साथ अनिवार्य रूप से मीटर भी लगाए जाएं। उन्होंने पी0डब्ल्यू0डी0 विभाग अधिकारियों को निर्देशित किया कि बड़ी सड़कें बनाते समय आसपास की छोटी सड़कें टूट जाती हैं, जिनकी मरम्मत का कार्य समय से पूर्ण किया जाए। शहर के अन्दर स्थित बस अड्डो को भीड़-भाड़ कम करने के लिए अन्यत्र स्थापित करने की रणनीति बनायी जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप समस्त सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खडे़ हर व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। योजनाओं से जुड़े प्रत्येक मैकेनिज्म को और अधिक सुदृढ़ करते हुए योजनाओं को सर्वसुलभ बनाया जाए। योजनाओं की मॉनीटरिंग से उसके अच्छे परिणाम प्राप्त हो सकते हैं, इसलिए हर स्तर पर इसकी मॉनीटरिंग भी सुनिश्चित हो। योजनाओं से जुड़े सभी अधिकारी नियमित मॉनीटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्ति को मिले।
प्रभारी मंत्री द्वारा जनपद में अपराध एवं कानून व्यवस्था अन्तर्गत महिला सशक्तीकरण एवं मिशन शक्ति का क्रियान्वयन कराये जाने हेतु महिला संबंधी अपराधों के अन्तर्गत पंजीकृत मामलों, अनुसूचित जाति जनजाति के व्यक्तियों के विरूद्ध अपराधों में पंजीकृत मामलों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गयी एवं गैंगेस्टर अधिनियम के अन्तर्गत अपराधी/माफिया के विरूद्ध कार्यवाही की प्रगति की समीक्षा भी की गयी।

लखनऊ में प्रथम बार नगर निगम द्वारा म्यूनिसिपल बाण्ड के माध्यम से अर्जित 200 करोड़ की धनराशि से आवासीय एवं व्यवसायिक परियोजना ’अहाना इन्क्लैव’ का निर्माण कराया जा रहा है, जो कि बहुत ही सराहनीय है। जिला पूर्ति कार्यालय द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली अन्तर्गत जनपद में 99.96 प्रतिशत जनपद वासियों को ई-पॉस मशीन के माध्यम से राशन कार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा में गुणवत्ता युक्त राशन उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण वर्ष 2021-22 के अन्तर्गत निर्धारित लक्ष्य 3708 के सापेक्ष 3771 एवं मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण वर्ष 2021-22 के अन्तर्गत निर्धारित लक्ष्य 37 के सापेक्ष 36 आवासों का निर्माण मानक के अनुसार गुणवत्तापूर्वक कराया गया।

बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री श्री दानिश आजाद अंसारी, मण्लायुक्त जिलाधिकारी श्री अभिषेक प्रकाश व पुलिस आयुक्त श्री डी0के0 ठाकुर भी उपस्थित रहे। उपाध्यक्ष लखनऊ विकास प्राधिकरण, मुख्य विकास अधिकारी श्री अश्विनि पांडेय, नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी पूर्वी श्री के0पी0 सिंह, अपर जिलाधिकारी राजस्व श्री बिपिन मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री अमरपाल सिंह, एस0पी0 आर0ए0, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त अपर नगर मजिस्ट्रेट, समस्त डी0सी0पी0 एवं समस्त सी0ओ0 व अन्य विभगीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »