रांची: राजधानी में जल संकट गंभीर रूप लेता जा रहा है. खास कर रातू रोड का इलाका गरमी के आने से पहले ही भीषण जल संकट से जूझ रहा है. जनवरी माह में ही कुएं का पानी पाताल छू रहा है. ऐसे में आनेवाले समय में क्या स्थिति हो सकती है, इसका अंदाज अभी से लगाया जा सकता है. रातू रोड के कुछ मुहल्लों में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी है.
लक्ष्मी नगर, विकास नगर, शाहदेव नगर, बैंक कॉलोनी समेत कई मुहल्ले ऐसे हैं, जहां पानी की किल्लत के कारण लोग अभी से दूर-दराज से पानी ढो रहे हैं. पानी की कमी के कारण किसी के घर की शादी की तिथि टाली जा रही है, तो कोई अपना घर छोड़ दूसरे जगह किराये के मकान में रहने को विवश हैं. इतना ही नहीं जल संकट के कारण भवन निर्माण का काम तक रुक गया है. इन चार-पांच मुहल्ले के लोग अभी से सप्लाई वाटर पर ही निर्भर हैं. पानी की कमी के कारण मुहल्ले की तसवीर जो बयां कर रही है, उससे आनेवाले दिनों का अंदाजा लगाया जा सकता है.
पिछले साल तक जनवरी माह में कुएं में सात से आठ फीट तक पानी रहता था, लेकिन इस बार पानी सूख गया है. घर में किरायेदार हैं, उन्हें भी परेशानी उठानी पड़ रही है. सप्लाइ पानी पर ही हम निर्भर हैं. जनवरी माह में ऐसी कठिन परस्थिति से कभी नहीं गुजरी थी.
https://rashtriyadinmaan.com

