
लखनऊ | स्वतंत्र देव सिंह भारतीय जनता पार्टी के 14 वें प्रदेश अध्यक्ष होंगे। श्री सिंह को शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रांतीय परिषद सदस्यों की बैठक में सर्वसम्मत्ति से निर्वाचित घोषित किया गया। श्री सिंह के निर्वाचित होने की घोषणा केन्द्रीय पर्यवेक्षक व भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव ने की। स्वतंत्र देव अभी तक अस्थाई प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। शुक्रवार को निर्वाचित होने के बाद अब वह पूरे तीन साल के लिए अध्यक्ष बन गए हैं। वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव भी प्रदेश संगठन श्री सिंह के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
स्वतंत्र देव के चुनाव के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए प्रदेश के 80 लोकसभा क्षेत्रों से एक-एक राष्ट्रीय परिषद का सदस्य भी चुनाव होना था। केंद्रीय पर्यवेक्षक की निगरानी में मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के मनोनयन का अधिकार नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव को देने का प्रस्ताव रखा। इसका उपमुख्यमंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. रमापति राम त्रिपाठी ने अनुमोदन किया।
https://rashtriyadinmaan.com
