J&K मंत्रिमंडल फेरबदल: निर्मल सिंह बने विधानसभा स्पीकर, राम माधव ने कहा- कठुआ मामले से लेना-देना नहीं


NBT-image

 

 

जम्मू |  जम्मू-कश्मीर सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह को विधानसभा स्पीकर का पद दिया गया है। बीजेपी महासचिव राम माधव ने इसकी घोषणा की। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर मंत्रिमंडल में फेरबदल का कठुआ मामले से संबंध नहीं है। बता दें कि निर्मल सिंह के उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कविंद्र गुप्ता राज्य के नए उपमुख्यमंत्री बने हैं। कविंद्र के साथ कुल 8 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है। इसमें 6 बीजेपी के और 2 पीडीपी के हैं।

बहुप्रतीक्षित फेरबदल पर राम माधव ने कहा, ‘बीजेपी-पीडीपी सरकार ने 3 साल पूरे कर लिए हैं। इस समय कैबिनेट में बदलाव का फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि हमने महसूस हुआ कि विधायकों को राज्य की कैबिनेट में शामिल होने का अनुभव भी होना चाहिए। हमारे दो मंत्रियों के इस्तीफा देने के बाद यह फेरबदल उम्मीद से ज्यादा हो गया। बीजेपी के 6 मंत्रियों ने आज मंत्री पद की शपथ ली।’

राम माधव ने यह भी स्पष्ट किया कि कैबिनेट में बदलाव का कठुआ घटना से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने नए चेहरे को मौका देने का फैसला किया है। दूसरी ओर बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह ने कठुआ मामले में सीबीआई जांच की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, ‘जिस दिन से इस्तीफा हुआ है, मैं सीबीआई जांच के पीछे पड़ा हूं और मैं यह करवाकर ही छोडूंगा।’

गौरतलब है कि बीजेपी ने 17 अप्रैल को महबूबा मुफ्ती सरकार में अपने सभी 9 मंत्रियों को अपना-अपना इस्तीफा देने को कहा था ताकि इस 2 साल पुराने मंत्रिपरिषद में नए चेहरे लाए जा सकें। हालांकि पार्टी ने उनके इस्तीफे राज्यपाल के पास नहीं भेजे थे। राज्य में बीजेपी तब से दबाव में थी, जब से उसके दो मंत्रियों- लाल सिंह और चंद्रप्रकाश गंगा ने कठुआ में 8 साल की लड़की से बलात्कार व उसकी हत्या के आरोपियों के समर्थन में रैली में हिस्सा लिया था। दोनों मंत्रियों ने बाद में इस्तीफा दे दिया था।


Scroll To Top
Translate »