जगमोहन डालमिया के निधन पर शोक में डूबा क्रिकेट जगत


 

2015_9image_01_41_107685873untitled-llकोलकाता: भारतीय क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई के अध्यक्ष जगमोहन डालमिया का दिल का दौरा पडऩे के बाद आज शाम यहां अस्पताल में निधन हो गया। सीने में दर्द की शिकायत पर उन्हें कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डालमिया के निधन पर क्रिकेट जगत ने शोक व्यक्त किया है।

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण, रोहित शर्मा, शिखर धवन सहित कई अन्य क्रिकेट हस्तियों ने भी डालमिया के निधन पर शोक व्यक्त किया।
तेंदुलकर ने ट्वीट किया,‘‘जगमोहन डालमिया के परिवार एवं मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं। उनसे जून में मिला था। बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘उन्होंने सालों तक जितना समर्थन दिया और जितना प्रोत्साहित किया, उसे हमेशा याद रखूंगा। क्रिकेट के खेल के लिए उन्होंने काफी मेहनत की और एक प्रशासक के तौर पर बेहतरीन काम किया। ईडन गार्डन्स में मेरे आखिरी से पहले वाले टेस्ट मैच को खास बनाने के लिए उनकी आेर से की गई कोशिशों से मैं भावुक हो गया था। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करे जगमोहन डालमिया।’’
लक्ष्मण ने ट्वीट किया, ‘‘डालमिया जी के निधन के बारे में सुनकर काफी दुखी हूं। शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’
सुरेश रैना ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी क्षति। डालमिया जी ने हमेशा मार्गदर्शन किया। सर, ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’
रोहित शर्मा ने लिखा,‘‘डालमिया सर, आपकी आत्मा को शांति मिले। परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।’’
भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति झा आजाद ने कहा,‘‘मैं उन्हें व्यक्तिगत तौर पर जानता था। देश के लिए यह बड़ी क्षति है। यदि क्रिकेट में कोई पैसा लेकर आया, तो वह डालमिया थे। यदि बीसीसीआई इस मुकाम तक पहुंची है तो डालमिया के कारण।’’
भारतीय टीम के ऑफ-स्पिनर रवि अश्विन ने डालमिया को एक कुशल प्रशासक करार दिया। अश्विन ने ट्वीट किया, ‘‘जगमोहन डालमिया जी के परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं। वह एक कुशल प्रशासक थे। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’
शिखर धवन ने ट्वीट किया,‘‘डालमिया परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। भारतीय क्रिकेट और बीसीसीआई में डालमिया साहब के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’
केंद्रीय खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने एक बयान जारी कर कहा,‘‘श्री जगमोहन डालमिया का निधन क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिवार के साथ मेरी दुआएं हैं। क्रिकेट ने एक महान प्रशासक खो दिया है।’’
वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि खेल प्रशासकों के बीच उनका दर्जा काफी बड़ा था। मुख्यमंत्री ने यह एेलान भी किया कि डालमिया का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

Scroll To Top
Translate »