
दिल्ली | गुजरात के नवनिर्वाचित विधायक जिग्नेश मेवाणी ने दिल्ली में हुंकार रैली में केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने दलितों और किसानों के मुद्दों पर मोदी सरकार से जवाब मांगा. दिल्ली में संसद मार्ग पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय क्यों नहीं मिला. सरकार दलितों को क्यों दबा रही है. दलितों पर मुकदमें क्यों दर्ज किए गए. भीमा कोरेगांव हिंसा मामले में जवाब सरकार को देना है. मध्यप्रदेश में किसानों पर गोलियां क्यों चलाई गई. इसका जवाब देना होगा.
मेवाणी ने आगे कहा कि गाय माता के नाम पर राजनीति की गई. लव जिहाद के नाम पर राजनीति की गई. इन सबका जवाब देना होगा. भ्रष्टाचार, गरीबी, बेरोजगारी जैसे असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए घर वापसी, लव जिहाद और गाय के मुद्दों को उठाया गया. हम इसके खिलाफ हैं.
जिग्नेश मेवाणी ने रैली के दौरान कहा कि हम लव जिहाद वाले नहीं हैं. मेवाणी ने कहा, जिस तरह गुजरात में हार्दिक, अल्पेश और मैंने मोदी जी का 150 सीटों का घमंड तोड़ दिया, इसलिए हमें टारगेट किया जा रहा है. हम किसी जाति या धर्म के खिलाफ नहीं हैं. हम देश के संविधान को मानते हैं. हम फूले और अंबेडकर को मानने वाले हैं.
https://rashtriyadinmaan.com
