
जेडीएस और कांग्रेस के नेताओं ने आज कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला से मुलाकात कर 117 विधायकों के समर्थन के दावे वाली एक सूची उन्हें सौंपी और उनसे सरकार गठन के लिए उनके दावे पर विचार करने का आग्रह किया। जद (एस) की राज्य इकाई के प्रमुख एचडी कुमारस्वामी और केपीसीसी अध्यक्ष जी परमेश्वर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की। इससे पहले दिन में दोनों पार्टियों ने विधायक दल की बैठकें की।
कुमारस्वामी ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा ,”जद (एस) और कांग्रेस के बीच चुनाव के बाद हुए समझौते और बसपा के साथ चुनाव से पहले हुए समझौते के बाद हमारे कुल 117 विधायक हैं और उनके समर्थन वाला एक पत्र राज्यपाल को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों ने अपने गठबंधन के बारे में प्रस्ताव भी राज्यपाल को सौंपा।
कुमारस्वामी ने कहा कि राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्णय पर कानूनी विशेषज्ञों से चर्चा करने के बाद वह एक निर्णय के साथ आयेंगे और इसके बारे में आपको सूचित करेंगे। उन्होंने कहा कि अब अगला कदम राज्यपाल को उठाना है। उन्होंने कहा, ”राज्यपाल ने कहा कि वह संविधान के तहत हमारे दावे पर विचार करके कोई निर्णय लेंगे। मुझे उम्मीद है कि वह संविधान का पालन करेंगे और अपना निर्देश देंगे।
कुमारस्वामी ने कहा कि जद (एस) के सभी विधायक पूरी तरह से हमारे साथ है। परमेश्वर ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में पारित प्रस्ताव की एक प्रति राज्यपाल को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने कहा कि वह उच्चतम न्यायालय के निर्णयों के आधार पर और संविधान के तहत कार्रवाई करेंगे। जद (एस) और कांग्रेस के कुछ विधायक प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।
https://rashtriyadinmaan.com
