काशी में होंगी सावन भर व्यवस्थाएं, मुख्य सचिव- डीजीपी ने पऱखी तैयारियां, कांवरियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता


lucknow |   सावन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मंडलीय समीक्षा बैठक करने वाराणसी पहुंचे प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय व डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि कांवरियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता में हैं। हर जिले में सुरक्षा के विशेष बंदोबस्त होंगे। प्रयागराज कुम्भ मेले की तरह कांवर यात्रा और सावनभर सुरक्षा रहेगी। एटीएस की टीम  हेलीकाप्टर से निगरानी करेगी। हेलीकाप्टर के लिए प्रदेश सरकार से मांग की गयी है। जरूरत के मुताबिक पैरामीलिट्री फोर्स भी लगाए जाएंगे।

कमिश्नरी सभागार में अधिकारियों ने वाराणसी के साथ ही प्रयागराज, आजमगढ़ और मिर्जापुर मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन-पूजन की तैयारियों की समीक्षा की। सभी मंडलों के कमिश्नर और आईजी ने तैयारियों का पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन किया। जिसमें प्रयाराज से वाराणसी आने वाले एक मार्ग को बंद करने पर सहमति बनी। साथ ही शहर में ट्रैफिक को लेकर विशेष रणनीति तैयार करने का निर्देश दिया।

बैठक के बात मीडिया से बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि महीनेभर तक चलने वाला सावन माह उल्लासपूर्वक मनाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन और पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। सावल से पहले ट्रैफिक को लेकर गाइडलाइन जारी कर दिए जाएंगे।

कांवरियों के रुकने के लिए जगह-जगह शिविर लगाए जाएंगे। यहां उनके ठहरने, सुरक्षा और इलाज के बंदोबस्त कर दिए गए हैं। कांवर यात्रा वाले मार्गों को सुगम बनाया जाएगा। डीजीपी ने कहा कि इस बार कुंभ मेले की तरह सुरक्षा पर विशेष नजर रहेगी। बैठक के बाद मुख्य सचिव व डीजीपी काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां दर्शन-पूजन करने के बाद अयोध्या के लिए रवाना हो गए।मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने कहा कि कावड़ यात्रा और एक माह तक शिवालयों में होने वाले विशेष पूजा अर्चन को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर एवं संवेदनशील है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाए। जनपदों में जो भी समस्याएं हों। उन्हें चिह्नित और मैपिंग करके संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर युद्धस्तर पर अभियान चलाकर हर हाल में 15 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी कर लें। काशी विश्वनाथ मंदिर में आने वाले दर्शनार्थियों को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएं।

प्रयागराज से वाराणसी आने वाले मार्गों पर रूट डायवर्जन की सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ही जगह-जगह साइनेज लगाने का निर्देश दिया। साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर सहित शहर के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों के अलावा कांवर यात्रा के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखे पर जोर दिया

 
मुख्य सचिव ने कांवर यात्रियों सहित श्रद्धालुओं के साथ पुलिस को फ्रेंडली व्यवहार करने पर जोर दिया। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रयागराज में संपन्न हुए महाकुंभ एवं वाराणसी में प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम के दौरान जिस प्रकार पुलिस के जवानों ने अतिथियों के साथ सद्व्यवहार किया, उसकी आज भी प्रशंसा होती है। इसी प्रकार का सकारात्मक व्यवहार पुलिस के जवान कांवर यात्रियों एवं शिव भक्तों के साथ करें।


Scroll To Top
Translate »