केजरीवाल बोले-केस दर्ज कराकर हमें डराने की कोशिश न करें जेटली


 

98120-aj-700

नई दिल्ली : डीडीसीए में कथित घोटाले को लेकर वित्त मंत्री अरुण जेटली और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच जंग तेज होती जा रही है। डीडीसीए मामले में अपना नाम घसीटे जाने पर जेटली ने सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री सहित आप नेताओं के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया। अपने खिलाफ केस दर्ज होने के बाद केजरीवाल ने कहा कि अरुण जेटली को हमें डराने का प्रयास नहीं करना चाहिए, भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

केजरीवाल ने कहा कि जेटली को दिल्ली सरकार के जांच आयोग के साथ सहयोग करना चाहिए और अपनी बेगुनाही साबित करनी चाहिए।

जेटली ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के पांच अन्य नेताओं के खिलाफ दीवानी और फौजदारी मानहानि के मामले दर्ज कराए और क्षतिपूर्ति के तौर पर दस करोड़ रूपये की मांग की। अपराध सिद्ध होने पर इन अपराधों में दो साल तक की जेल की सजा का प्रावधान है।

सीबीआई द्वारा मुख्यमंत्री सचिवालय में उनके प्रधान सचिव के खिलाफ की गई छापेमारी के एक हफ्ते बाद मंत्री ने कानूनी रास्ता अख्तियार किया और कहा कि आप नेताओं के ‘दुर्भावनापूर्ण और अपमानजनक’ अभियान से उन्हें काफी क्षति हुई है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। छापे के बाद आप नेताओं ने डीडीसीए में जेटली द्वारा गड़बड़ी करने के आरोप लगाए थे।

दोनों याचिकाओं में जिन अन्य लोगों को नामित किया गया है, उनमें कुमार विश्वास, आशुतोष, संजय सिंह, राघव चड्ढा और दीपक बाजपेयी शामिल हैं।

पटियाला हाउस अदालत परिसर में केंद्रीय मंत्री भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ के साथ पहुंचे, जो केजरीवाल विरोधी नारे लगा रहे थे। वहां मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट संजय खांगवाल की अदालत में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई।


Scroll To Top
Translate »