
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जाने की इजाजत नहीं मिली है. डीएम आलोक कुमार पांडे ने केजरीवाल को जिले की सीमा में ना दाखिल होने के आदेश जारी किए हैं. केजरीवाल को 17 अगस्त शामली होते हुए सड़क मार्ग से सहारनपुर आना था. यहां उन्हें जेल में बंद भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर रावण से मुलाकात करनी थी.
सीएम केजरीवाल ने ट्वीट किया, ”चंद्रशेखर रावण, दलितों के संघर्षशील नेता, को उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार ने राजनैतिक द्वेष के कारण काफ़ी समय से जेल में रखा हुआ है. मैं उनसे मिलने जाना चाहता था, लेकिन ये अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है की योगी सरकार ने मुझे इजाज़त नहीं दी.”
सहारनपुर में एक साल पहले हुई जातीय हिंसा में चंद्रशेखर मुख्य आरोपी है और पिछले एक साल से सहारनपुर जिला कारागार मे बंद है. चन्द्रशेखर को पिछले साल नौ मई को सहारनपुर मे हुई हिंसा के आरोप मे आठ जून 2017 को डलहौजी से गिरफ्तार किया गया था.
भीम आर्मी का नाम पहली बार सहारनपुर हिंसा के बाद ही सुर्खियों में आया. भीम आर्मी दलित समुदाय का संगठन है और चंद्रशेखर इसके संस्थापक हैं. भीम आर्मी और इसके संस्थापक चद्रशेखर पर सहारनपुर में हिंसा भड़काने का आरोप है हालांकि भीम ऑर्मी ऐसे सभी आरोपों को खारिज करती है. बीजेपी भीम ऑर्मी का रिश्ता मायावती से जोड़ती है, वहीं मायावती भीम ऑर्मी के पीछे बीजेपी का हाथ बताती है. भीम आर्मी की स्थापना दो साल पहले हुई है.
https://rashtriyadinmaan.com
