
lucknow | श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज के 81 वें जन्मोत्सव समारोह के अवसर पर अयोध्या आयोजित संत सम्मेलन में पहुंचे प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने संतों को आश्वस्त किया कि जल्द ही रामभक्तों का स्वप्न पूरा होगा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर विवाद के समाधान के लिए दो ही रास्ते हैं या तो आपसी बातचीत अथवा कोर्ट का रास्ता है। मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है लेकिन संतों के प्रताप से ही वर्तमान परिस्थितियों में दोनों कार्य एक साथ हो रहे हैं।
संत सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने संतों को यह भी आश्वासन दिया कि जरूरी हुआ तो कानून बनाकर मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संतों के आशीर्वाद से ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की भविष्यवाणी सत्य हो गयी और पार्टी को बहुमत के साथ सदस्य संख्या 300 के पार हो चुकी है। ऐसे में अब ज्यादा देर नहीं है और शीघ्र ही सभी समस्याओं का समाधान निश्चित ही होगा। उन्होंने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से रामभक्त के रुप पूरी पार्टी की ओर से आश्वासन देता हूं कि संतों के आदेश पर सभी खड़े मिलेंगे। इस मौके पर उन्होंने न्यास अध्यक्ष को पुष्पाहार व अंगवस्त्रम अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया और उनके शतायु होने की मंगल कामना की।
इससे पहले उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कार सेवकपुरम में पहुंच कर विहिप के केन्द्रीय नेताओं से भेंटकर उनका भी आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने शीर्ष नेताओं के साथ बंद कमरे में गोपनीय वार्ता भी की।
इस वार्ता में विहिप संरक्षक पुरुषोत्तम नारायण सिंह, केन्द्रीय मंत्री राजेन्द्र सिंह पंकज, कार सेवकपुरम प्रभारी शिवदास सिंह, मीडिया प्रभारी शरद शर्मा, चौरासी कोसी परिक्रमा प्रभारी सुरेन्द्र सिंह व नेपाल प्रभारी शम्भूनाथ शामिल थे। इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए गये। हनुमानगढ़ी में उज्जैनिया पट्टी के महंत संतराम दास के सानिध्य में पुजारी रमेश दास व राजू दास ने उप मुख्यमंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान संतों ने हनुमानगढ़ी परिसर के चारों ओर जीर्णशीर्ण सड़कों के जीर्णोद्धार का अनुरोध किया। श्री मौर्या ने संतों को शीघ्र कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री सरयू दर्शन करने भी गए।
https://rashtriyadinmaan.com
