यूपी में कोविड रिकवरी रेट 90 प्रतिशत से अधिक हुआ— सीएम योगी


लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोविड-19 के मामलों में प्रदेश का रिकवरी रेट 90 प्रतिशत से अधिक हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि शासन स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जनपद लखनऊ, वाराणसी, मेरठ और मथुरा के जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से नियमित संवाद स्थापित करते हुए कोविड-19 के नियंत्रण के सम्बन्ध में उनका मार्गदर्शन करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 का प्रभावी टीका आने तक कोई ढिलाई ना बरती जाए। एहतियात के मूल मंत्र के साथ ही भविष्य में भी इस बीमारी के खिलाफ जंग जारी रहेगी। मरीजों की सुविधा के लिए एम्बुलेंस सेवा सक्रियता से कार्य करे।

उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बुधवार को प्रदेश में 2778 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या अब 4 लाख 44 हजार 711 हो गई है। इसमें से कुल 4 लाख 01 हजार 306 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में रिकवरी रेट बढ़कर अब 90.24 प्रतिशत हो गया है। राज्य में फिलहाल कोरोना के 36 हजार 898 सक्रिय मरीज हैं। वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना के कारण कुल 41 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक इस बीमारी के कारण जान गंवानों की संख्या 6507 तक पहुंच गई है।


Scroll To Top
Translate »