उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 व प्रवर्तन जोन-7 की टीम ने की कार्यवाही, शास्त्रीनगर में अवैध निर्माण सील किया गया

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार का अलग-अलग क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग व मैरिज लाॅन समेत चार अवैध निर्माणों को सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि दीपक तिवारी व अन्य द्वारा पीजीआई थानाक्षेत्र के कल्ली पश्चिम के सभाखेड़ा में दीनदयाल पार्क के सामने लगभग 1600 वर्गफिट के भूखण्ड में बेसमेंट व भूतल का निर्माण करते हुए प्रथम तल की स्लैब ढ़ालने का कार्य किया जा रहा था।इसके अतिरिक्त श्री राममूर्ति स्मारक ट्रस्ट के देवमूर्ति, पंकज दीक्षित व अन्य द्वारा अर्जुनगंज के अहिमामऊ में बेस्ट वैल्यू मार्बल के सामने लगभग 04 बीघा क्षेत्रफल में तीन यूनिट मैरिज लाॅन के लिए तीन किचन, 20 टाॅयलेट, पाथ-वे, आर.सी.सी काॅलम की ढलाई, विद्युत पोल, गार्ड व आॅफिस का निर्माण कराया गया था। इसके अलावा दीपक मिश्रा, सूरजपाल रावत, सूरज सिंह व अन्य द्वारा ग्राम-हसनपुर खेवली में खसरा संख्या-202 पर लगभग 6300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग करते हुए एक हजार वर्गफिट के दो भूखण्डों पर काॅलम-दीवारों का निर्माण कराया जा रहा था।
उक्त तीनों प्रकरण में विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। इसके अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता उस्मान अली व बिजेन्द्र सिंह द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से तीनों स्थलों को सील कर दिया गया।
ःःःःःःःःःःःःःः
इसके अतिरिक्त प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि मोहन सिंघल द्वारा वजीरगंज के कुण्डरी रकाबगंज में लगभग 1000 वर्गफिट के भूखण्ड पर बेसमेंट, भूतल, प्रथम तल का निर्माण कराते हुए द्वितीय तल पर शटरिंग का कार्य कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद योजित करते हुए परिसर को सील किये जाने के आदेश पारित किये गये थे। उक्त आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियंता उदयवीर सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता शिवप्रताप सिंह चौहान, सत्यवीर सिंह व शशिभूषण मिश्रा द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थल को सील कर दिया गया।
https://rashtriyadinmaan.com
