LDA : अवैध वसूली की शिकायत पर नोटिस सर्वर निलम्बित


लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने की कार्यवाही

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने नोटिस सर्वर के पद पर तैनात मुकेश कुमार भारती को शुक्रवार को निलम्बित कर दिया। मुकेश कुमार भारती के खिलाफ पूर्व में विभिन्न लोगों द्वारा अवैध वसूली की शिकायत की गयी थी, जिस पर विभागीय जांच के आदेश दिये गये थे। विभागीय जांच में आरोप सही पाये जाने पर उपाध्यक्ष द्वारा अनुशासनिक कार्यवाही करते हुए मुकेश कुमार भारती को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात अरूण कुमार साह ने बीते वर्ष मुकेश कुमार भारती के खिलाफ लिखित शिकायत की थी। इसमें अरूण कुमार साह ने आरोप लगाया था कि मुकेश भारती ने अर्जुनगंज के ग्रीन सिटी स्थित उनके घर जाकर परिवारीजनों से मकान का नक्शा दिखाने को कहा और धमकाते हुए अलग से मुलाकात करने की बात कही थी। उक्त प्रकरण की जांच में मुकेश कुमार भारती द्वारा अधिकारियों के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए क्षमा याचना की गयी थी।

इसके अतिरिक्त गुरू गोविंद सिंह वार्ड के पार्षद श्रवण नायक द्वारा नोटिस सर्वर मुकेश कुमार भारती के खिलाफ शिकायत की गयी थी कि मुकेश कुमार भारती ने जेल रोड स्थित आनन्द नगर निवासी उनके परिचित के घर जाकर मकान का नक्शा दिखाने को कहा और धमकी देकर पांच हजार रूपये वसूल लिये। इसके अलावा फरवरी 2023 में हेमन्त कुमार गुप्ता द्वारा मुकेश कुमार भारती के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायत की गयी थी। उक्त शिकायतों में करायी गयी विभागीय जांच में आरोप सही पाये जाने पर उपाध्यक्ष ने नोटिस सर्वर मुकेश कुमार भारती को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किये जाने के आदेश जारी किये हैं।


Scroll To Top
Translate »