एलडीए ने गोमती नगर विस्तार में 25 करोड़ की जमीन से अवैध कब्जा हटाया


लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर अर्जन व अभियंत्रण विभाग ने गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-5 एवं 6 में की कार्रवाई

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर भू-माफिया व अवैध कब्जेदारों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के अंतर्गत अर्जन व अभियंत्रण विभाग की टीम ने शनिवार को गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-5 एवं 6 में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 60 हजार वर्गफुट जमीन पर बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को ध्वस्त किया गया। खाली करायी गयी जमीन की कीमत लगभग 25 करोड़ रूपये है।

  अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-6 में शहीद पथ की सर्विस लेन से लगी हुई ग्राम-मलेशेमऊ की लगभग 50 हजार वर्गफुट जमीन पर विभिन्न लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इसी तरह सेक्टर-5 में लगभग 10 हजार वर्गफुट जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा करके अतिक्रमण किया हुआ था। उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने प्राधिकरण की उक्त अर्जित व नियोजित भूमि से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिये थे। 

 इसके अनुपालन में आज तहसीलदार-अर्जन शशिभूषण पाठक के नेतृत्व में सहायक अभियंता आलोक कुमार व टीम द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से दोनों स्थानों पर अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करके कब्जा खाली कराया गया। तहसीलदार शशिभूषण पाठक ने बताया कि उक्त बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जेदारों द्वारा स्थायी व अस्थायी निर्माण कराकर ट्रैवेल्स, गो-डाउन, ट्रेडर्स व वेल्डिंग आदि का काम किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान सभी तरह के अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। खाली करायी गयी जमीन की कीमत 25 करोड़ रूपये से अधिक है।

Scroll To Top
Translate »