एलडीए ने चारबाग में ए0पी0 सेन रोड पर स्थित नजूल भूमि पर से अवैध कब्जा हटाया


लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा प्राधिकरण की अर्जित व नजूल भूमि पर से अवैध कब्जों/अतिक्रमण को हटाने के सम्बंध में दिये गये निर्देशों के क्रम में बुधवार को चारबाग में ए0पी0 सेन रोड पर स्थित नजूल भूमि पर अवैध निर्माण को ध्वस्त करके खाली कराया गया। खाली कराये गये भूखण्ड की कीमत लगभग 1,35,00000 रूपये है।
सचिव पवन कुमार गंगवार ने बताया कि चारबाग मवैया योजना के अंतर्गत ए0पी0 सेन रोड पर स्थित नजूल भूखण्ड संख्या-04 रकबा 517 वर्गमीटर पर कमलेश कुमार द्वारा अवैध रूप से कब्जा करते हुए बाउंड्रीवाॅल आदि का निर्माण कराया गया था। योजना के ले-आउट के पार्क की भूमि पर किये गये इस अनाधिकृत निर्माण को नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी, तहसीलदार विवेक शुक्ला तथा अवर अभियंता रंगनाथ सिंह द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्त कराते हुए भूखण्ड को पूरी तरह खाली करा लिया गया। नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि खाली कराये गये इस भूखण्ड की कीमत लगभग 1 करोड़ 35 लाख रूपये है।

गोमतीनगर विस्तार में भी चला अभियान
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 में स्थित प्राधिकरण के स्वामित्व के व्यवसायिक भूखण्ड संख्या-सीपी-1/13 व सीपी-1/14 पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके झुग्गी-झोपड़ी बनाकर निवास तथा व्यवसाय किया जा रहा था। जिसे अभियंत्रण जोन-1 के अधिशासी अभियंता के0के0 बंसला, सहायक अभियंता आलोक कुमार सिंह तथा अवर अभियंता एस0के0 भाटी द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल तथा गोमती नगर विस्तार थाने के पुलिस बल के सहयोग से खाली कराया गया। अवैध कब्जा/अतिक्रमण मुक्त कराये गये इन दोनों भूखण्ड का क्षेत्रफल लगभग 80 हजार वर्गफुट है।


Scroll To Top
Translate »