LDA: ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से दोगुनी हुई सम्पत्तियों की सेल, 200 करोड़ रूपये की हुई आय


लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डाॅ0 रोशन जैकब की अध्यक्षता में आहूत समीक्षा बैठक में प्रस्तुत किया गया फ्लैटों की बिक्री का ब्योरा

मण्डलायुक्त ने झीलों की सफाई व सौंदर्यीकरण के कार्य में तेजी लाने के दिये निर्देश, लोहिया पार्क में नये सिरे से बनेंगे टॉयलेट व कैफेटेरिया

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा पहले आओ-पहले पाओ योजना के अंतर्गत उपलब्ध सम्पत्तियों के पंजीकरण के लिए आॅनलाइन व्यवस्था लागू करने से खरीददारों का रूझान बढ़ा है। आॅनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद से प्राधिकरण के फ्लैटों की बिक्री लगभग दोगुनी हो गयी है। सोमवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डाॅ0 रोशन जैकब द्वारा प्राधिकरण की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के सम्बंध में आयोजित की गयी समीक्षा बैठक में सम्पत्तियों की बिक्री का प्रस्तुत किया गया।

बैठक के दौरान प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि आॅनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था लागू करने के बाद से 447 फ्लैट बिके, जिसके सापेक्ष लगभग 200 करोड़ रूपये की आय हुयी है। पुरानी व्यवस्था की तुलना में यह बिक्रीदर लगभग दोगुनी है। इस पर मण्डलायुक्त द्वारा व्यवस्था की सराहना की गयी तथा प्राधिकरण की व्यवसायिक सम्पत्तियों की बिक्री के सम्बंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिये गये। उन्होंने कहा कि शारदा नगर विस्तार योजना में निर्मित प्रधानमंत्री आवासों के आवंटियों को प्रोत्साहित करते हुए भवनों की रजिस्ट्री कराने का कार्य भी सम्पन्न कराया जाए।

परियोजनाओं की समीक्षा के क्रम में उपाध्यक्ष द्वारा अवगत कराया गया कि गऊ घाट पर 28.80 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले ब्रिज का कार्य शुरू हो गया है तथा पाइलिंग का कार्य तेज गति से चल रहा है। इसी तरह बसंतकुंज योजना में 2400 प्रधानमंत्री आवासों का कार्य 95 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है तथा नये बन रहे 4512 आवासों का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त हेरिटेज जोन में फूड कोर्ट व म्यूजियम का कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिसे अगले तीन माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। इस मौके पर मण्डलायुक्त द्वारा आवासीय योजना में स्थित पार्कों का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिये गये। उन्होंने कहा कि लोहिया पार्क में साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जाए तथा पार्क में नये सिरे से माॅडल टॉयलेट और कैफेटेरिया बनाये जाएं। इसके अलावा उनके द्वारा झीलों की सफाई व सौंदर्यीकरण के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये गये।

बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी, जोनल अधिकारी गौरव कुमार, प्रिया सिंह, नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी, देवांश त्रिवेदी, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज सागर, संजीव कुमार गुप्ता एवं अवनीन्द्र कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »