अवैध निर्माण के खिलाफ एलडीए की बड़ी कार्रवाई,

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी द्वारा लखनऊ शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही जारी रखने के निर्देशों के तहत बुधवार को प्रवर्तन जोन-1 में अनाधिकृत रूप से बन रही पांच बिल्डिंगों को सील किया गया। इस जोन के विहित प्राधिकारी अमित राठौर ने बताया कि डॉक्टर गुंजन दास पत्नी डॉक्टर सौरभ अग्रवाल द्वारा भूखंड संख्या 6/76, विनीत खंड, गोमती नगर लखनऊ पर 400 वर्ग मीटर भूखंड में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर एवं प्रथम तल पर किये गए अवैध निर्माण को सील किया गया। इसी प्रकार डॉक्टर सौरभ अग्रवाल व अन्य द्वारा भूखंड संख्या 5/59 विनय खंड गोमती नगर पर 3500 वर्ग फुट क्षेत्रफल में सेट बैक कवर करते हुए बेसमेंट के लिए दीवार व कॉलम का निर्माण किया जा रहा था, जिसे सील किया गया।
इसके अलावा अरविंद कुमार उपाध्याय, भूखंड संख्या-सीपी-71, विराज खंड, गोमती नगर में गैलेक्सी व्यवसायिक टावर के बेसमेंट के पार्किंग क्षेत्र में मटेरियल स्टोरेज हेतु बनाये गए अवैध गोदाम को सील किया गया। इसी तरह सतीश पांडेय एवं अन्य द्वारा भूखंड संख्या 5/138 और 5/139 विनीत खंड गोमती नगर में दोनों भूखण्डों को मिलाकर लगभग 588 वर्ग मीटर में टीन शेड डालकर व्यवसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने व स्वीकृत मानचित्र न दिखाए जाने पर उक्त अवैध निर्माण को सील किया गया।
इसके अतिरिक्त अहमद जमाल द्वारा भूखण्ड संख्या-5/34, विकास खंड, गोमती नगर पर लगभग 4000 वर्ग फिट क्षेत्रफल में सेट बैक को कवर करते हुए आवासीय परिसर में व्यवसायिक गतिविधि (कैफे) संचालित किए जाने पर बिल्डिंग को सील किया गया।
उपरोक्त कार्यवाही क्षेत्रीय अवर अभियंता सुभाष शर्मा के नेतृत्व में प्राधिकरण व क्षेत्रीय पुलिस बल की सहायता से किया गया।