एलडीए ने ऐशबाग में अवैध प्लाईवुड गोदाम को ध्वस्त कर खाली करायी 100 करोड़ रूपये की जमीन



लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर एलडीए के दस्ते ने चलाया ध्वस्तीकरण अभियान

सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली कार्रवाई में खाली करायी गयी 40 हजार वर्गफुट जमीन

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा मंगलवार को ऐशबाग के भदेवां क्षेत्र में अभियान चलाकर नजूल की लगभग 40 हजार वर्गफुट जमीन कब्जामुक्त करायी गयी। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली कार्रवाई के दौरान एलडीए के दस्ते ने नजूल भूमि पर अवैध रूप से बने लकड़ी/प्लाईवुड गोदाम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। खाली करायी गयी जमीन की कीमत लगभग 100 करोड़ रूपये है।

     नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि ऐशबाग के भदेवां में खसरा संख्या-232, 233, 234, 236 तथा 237 नजूल भूमि है। उक्त भूमि पर के0के0 गुप्ता व अन्य द्वारा अवैध रूप से कब्जा करते हुए व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा था। इसके सम्बंध में न्यायालय में वाद संख्या-217/2009 योजित किया गया, जिसमें न्यायालय द्वारा दिनांक-18.08.2010 को स्थगन आदेश पारित किया गया था। दिनांक-21.07.2023 को न्यायालय द्वारा उक्त स्थगन आदेश समाप्त किये जाने पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जमीन से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिये थे। इसके अनुपालन में आज स्थल पर अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई की गयी।

     नजूल अधिकारी ने बताया कि अवैध कब्जेदारों द्वारा जमीन के बड़े हिस्से पर टीनशेड डालकर लकड़ी/प्लाईवुड गोदाम संचालित किया जा रहा था, जिसे पुलिस फोर्स की उपस्थिति में ध्वस्त करा दिया गया। उन्होंने बताया कि खाली करायी गयी नजूल भूमि का क्षेत्रफल लगभग 40 हजार वर्गफुट है और इसकी वर्तमान कीमत करीब 100 करोड़ रूपये है।

कार्रवाई के दौरान नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी, एस0डी0एम शशिभूषण पाठक, विशेष कार्याधिकारी रामशंकर व रविनंदन सिंह समेत प्राधिकरण के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »