अवैध प्लाटिंग चिन्हित करने फील्ड पर उतरे LDA उपाध्यक्ष, प्राॅपर्टी डीलरों के खिलाफ दर्ज करायी जाएगी एफआईआर


उपाध्यक्ष व एसडीएम मोहनलालगंज की संयुक्त टीम ने सुलतानपुर रोड व न्यू जेल रोड का किया दौरा

20 अवैध कालोनियों को किया गया चिन्हित, अवैध रूप से संचालित मैरिज लाॅन के खिलाफ भी कार्यवाही के निर्देश

निरीक्षण में तालाब व चकरोड आदि सरकारी भूमि पर प्राॅपर्टी डीलरों द्वारा कब्जा किये जाने की बात भी आयी सामने, एफआईआर के आदेश

लखनऊ | शहर में अवैध प्लाटिंग व रो-हाउस भवनों के निर्माण को लेकर लगातार एक्शन मोड में चल रहे लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बुधवार को एक बार फिर फील्ड पर उतरकर अवैध निर्माणों की पड़ताल की।

 उपाध्यक्ष ने एसडीएम मोहनलालगंज के साथ मिलकर सुलतानपुर रोड व न्यू जेल रोड का दौरा करके 20 अवैध प्लाटिंग चिन्हित कीं। इस दौरान उन्होंने स्वयं साइट आॅफिसों में जाकर प्राॅपर्टी डीलर व उनके एजेंटों से कालोनी के तलपट मानचित्र के सम्बंध में पूछताछ की एवं आम जनता को सब्जबाग दिखाकर बेचे गये भूखण्डों का ब्योरा प्राप्त किया। 

उपाध्यक्ष ने अवैध प्लाटिंग व रो-हाउस भवनों के निर्माण पर प्रवर्तन अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जांच के आदेश दिये हैं। उन्होंने निर्देश दिये कि सोमवार से विशेष अभियान चलाकर इन अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की जाए। साथ ही सम्बंधित विकासकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवायी जाए।

 बुधवार सुबह करीब 12ः45 बजे उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व एसडीएम मोहनलालगंज हनुमान प्रसाद मौर्या के नेतृत्व में प्राधिकरण व जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने निरीक्षण शुरू किया। इसमें सर्वप्रथम सुशांत गोल्फ सिटी के पीछे वी0के0 उपाध्याय द्वारा कान्हा उपवन नाम से बसायी जा रही अवैध कालोनी का निरीक्षण किया गया। इसके बाद न्यू जेल रोड पर ए0डी0वी0 इन्फ्राटेक एंड हाउंसिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग का सर्वे किया गया। इस क्रम में न्यू जेल रोड पर ही गंगोत्री सिटी का निरीक्षण किया गया, जहां जानकारी करने पर पता चला कि यह कालोनी आदेश सक्सेना एवं आशीष श्रीवास्तव द्वारा विकसित की जा रही है। 

मैरिज लाॅन के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश
इसके आगे जाकर न्यू जेल रोड पर राइजिंग कंस्ट्रक्शन ग्रुप के विशाल शुक्ला व उनके पिता महेन्द्र शुक्ला द्वारा कई बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को चिन्हित किया गया। इस रूट पर भ्रमण के दौरान उपाध्यक्ष की नजर कई बीघा जमीन पर फैले आर्शीवाद लाॅन पर पड़ी। जांच में पता चला कि मैरिज लाॅन का मानचित्र स्वीकृत नहीं है, जिस पर उपाध्यक्ष ने विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

ब्रोशर-पैम्फलेट आदि सामाग्री को कब्जे में लिया
वहीं, सुलतानपुर रोड पर निरीक्षण के दौरान मनीष सिंह द्वारा तक्ष्या सिटी नाम से की जा रही अवैध प्लाटिंग, पंकज यादव द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग, आदित्यपुरम व भूमि विकास हाउसिंग लिमिटेड कंपनी द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष ने इन अवैध कालोनियों के साइट आॅफिस में जाकर ब्रोशर/पैम्फलैट आदि सामाग्री को कब्जे में लिया, जिनमें आम जनता को फंसाने के लिए लुभावने आॅफर दिये गये थे। करीब पांच घंटे तक चली इस कार्यवाही के दौरान संयुक्त टीम द्वारा 20 अवैध प्लाटिंग चिन्हित की गयीं, जिनमें 600 रूपये वर्गफुट से लेकर 2499 रूपये वर्गफुट तक भूखण्ड बेचे जा रहे थे। कार्यवाही में प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी व अधिशासी अभियंता जोन-2 अवनीन्द्र कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।

विकासकर्ताओं पर दर्ज करायी जाएगी एफआईआर
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि निरीक्षण में पाया गया कि विशाल शुक्ला पुत्र महेन्द्र शुक्ला द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग समेत अन्य तीन स्थलों पर विकासकर्ता/प्राॅपर्टी डीलरों द्वारा तालाब व चकरोड आदि सरकारी भूमि पर कब्जा करके प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा है। इन प्रकरणों में एसडीएम मोहनलालगंज को एफआईआर दर्ज कराने के लिए कहा गया है। शेष प्रकरणों में अवैध प्लाटिंग करने वाले लोगों के खिलाफ प्राधिकरण के स्तर से मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उपाध्यक्ष ने बताया कि जो भी अवैध प्लाटिंग/निर्माण चिन्हित किये गये हैं। उनके खिलाफ सोमवार से अभियान चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी जाएगी।


Scroll To Top
Translate »