आई0टी0 सिटी परियोजनान्तर्गत अवस्थापना सुविधाओं का विकास का कार्य एक सप्ताह के अन्दर पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाये: मुख्य सलाहकार, मुख्यमंत्री
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार श्री आलोक रंजन ने निर्देश दिये हैं कि लखनऊ में आई0टी0 सिटी परियोजनान्तर्गत अवस्थापना सुविधाओं के विकास कार्य एक सप्ताह के अन्दर पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि आई0टी0 सिटी परियोजना में विद्युत सब-स्टेशन का कार्य लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा शीघ्र पूर्ण कराया जाये। उन्होंने कहा कि माह अक्टूबर से छात्रों के प्रशिक्षण का कार्य लखनऊ में आई0टी0 सिटी में आरंभ कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थायें प्राथमिकता पर पूर्ण कराई जाये।
मुख्य सलाहकार आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में प्रोजेक्ट मानिटरिंग गु्रप के अन्तर्गत आई0टी0 सि0टी एवं राज्य औद्योगिक विकास निगम के कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जनपद उन्नाव में निर्माणाधीन ट्रांसगंगा सिटी परियोजान्तर्गत आवासीय भू-खण्डों हेतु सीवरेज, विद्युत आपूर्ति, सड़क एवं जल आपूर्ति की व्यवस्था तथा पार्कों का निर्माण कार्य प्राथमिकता पर पूर्ण कराया जाये। उन्होंने कहा कि जनपद उन्नाव में निर्माणाधीन ट्रांसगंगा सिटी परियोजनान्तर्गत आगामी माह अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में आवंटियों को उनके आवासीय भू-खण्डों को हस्तांतरित कराया जाये।
श्री रंजन ने कहा कि आगामी 01 माह में इण्डस्ट्रियल इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन दिल्ली में कराने हेतु आवश्यक कार्यवाहियां प्राथमिकता से सुनिश्चित करायी जाये। उन्होंने सेन्ट्रलाइज्ड मेगा काॅल सेन्टर परियोजनान्तर्गत के लाभार्थियों से शीघ्रताशीघ्र फीडबैक प्राप्त करने के लिए चयनित विभागों से चिन्हांकित योजनाओं के लाभार्थियों के विवरण उनके मोबाइल नम्बर सहित शीर्ष प्राथमिकता पर यूपीडेस्को को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने जनपद कन्नौज के परफ्यूम पार्क के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु आगामी 20 अक्टूबर तक विस्तृृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्यवाहियां पूर्ण कराते हुये आगामी 20 नवम्बर तक मेन बिल्डिंग का कार्य प्रारंभ कराया जाये।
बैठक में प्रमुख सचिव वित्त डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय, प्रमुख सचिव आई0टी0 एवं इलेक्ट्रानिक्स श्री संजीव सरन, सचिव मुख्यमंत्री श्री पार्थ सारथी सेन शर्मा, प्रबन्ध निदेशक यूपीएसआईडीसी श्री अमित घोष, सचिव औद्योगिक विकास विभाग श्रीमती अलकनंदा दयाल, स्टाफ आफिसर मुख्य सलाहकार श्री हृषिकेश भास्कर यशोद सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
