लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जारी किये आदेश, अधिकारियों को 15 दिन में सौंपनी होगी सर्वे की रिपोर्ट

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण अपनी विभिन्न योजनाओं में स्थित किराये की सम्पत्तियों का सर्वे कराएगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने इस सम्बंध में आदेश जारी किये हैं। इसके अंतर्गत योजना वार अलग-अलग अधिकारियों को नामित किया गया है, जोकि 15 दिन के अंदर रेंट अनुभाग की समस्त आवासीय/व्यवसायिक सम्पत्तियों का भौतिक/स्थलीय निरीक्षण करके सर्वे की रिपोर्ट देंगे।
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि रेंट अनुभाग की सम्पत्तियों का विस्तृत सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए सभी विशेष कार्याधिकारी, तहसीलदार, उप सचिव, अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंताओं को अलग-अलग योजनाओं में सर्वे की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। सम्बंधित अधिकारी किराये की दुकानों व भवनों का भौतिक/स्थलीय सर्वे करके निर्धारित प्रारूप में इसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर प्रस्तुत करेंगे। सर्वे में सम्पत्ति के क्रेता/आवंटी का नाम, रजिस्ट्री विवरण व वर्तमान में किराये की स्थिति के साथ यह भी देखा जाएगा कि मौके पर मूल आवंटी अध्यासित है अथवा उसके स्थान पर कोई अन्य व्यक्ति रह रहा है। अगर मूल आवंटी के स्थान पर कोई अन्य व्यक्ति अध्यासित मिलता है तो सम्बंधित का आधार कार्ड व मोबाइल नंबर समेत सम्पूर्ण विवरण अंकित किया जाएगा। इसके अलावा सर्वे में आवंटित मकान/दुकान के भू-उपयोग की वर्तमान स्थिति के साथ ही अनाधिकृत निर्माण का ब्योरा भी अंकित किया जाएगा।
उपाध्यक्ष ने बताया कि इस सम्पूर्ण कार्यवाही के लिए उप सचिव माधवेश कुमार को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वह सम्बंधित नामित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके उक्त कार्यवाही को 15 दिन के अंदर पूर्ण कराके उनके समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
https://rashtriyadinmaan.com
