शहर के 110 पार्कों के विकास के लिए जल्द ही टेण्डर निकालेगा LDA



प्राधिकरण योजनाओं एवं नजूल के पार्कों की उपाध्यक्ष ने की समीक्षा बैठक,

पार्कों में लगे कर्मचारियों को चण्डीगढ़ व बंगलुरु जैसे देश के बड़े शहरों के पार्कों का भ्रमण कराया जाए

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के पार्क जल्द ही नये कलेवर में नजर आयेंगे। इसके लिए प्राधिकरण आर्किटेक्ट व विशेषज्ञों के माध्यम से पार्कोें का रख-रखाव करने वाले अपने कर्मचारियों का प्रशिक्षण करवाएगा। इसी के साथ शहर के 110 पार्कों के विकास के लिए प्राधिकरण जल्द ही निविदाएं निकालेगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बुधवार को प्राधिकरण योजनाओं एवं नजूल के पार्कों की समीक्षा बैठक में इस बाबत निर्देश जारी किए।

बैठक में उपाध्यक्ष ने कहा कि प्राधिकरण के पार्कों में लगे कर्मचारियों को चण्डीगढ़ व बंगलुरु जैसे देश के बड़े शहरों के पार्कों का भ्रमण कराया जाए। जिससे कि ये कर्मचारी वहां की अथाॅरिटी से बात करके यह देखे कि उनके द्वारा पार्को का मेन्टेनेन्स कैसे किया जा रहा है और क्या तकनीकी इस्तेमाल की जा रही है। इसके अलावा विशेषज्ञ आर्किटेक्टों को बुला कर एक सेमिनार आयोजित किया जाए, जिसमें देश-विदेश में अत्याधुनिक तरीके से किए जा रहे औद्यानिक व लैण्ड स्केपिंग के कार्यों का प्रजेन्टेशन कराया जाए। ताकि पार्कों में तैनात अभियन्ता व कर्मचारी सेमिनार में प्रतिभाग करके नई तकनीकी सीख सके।

उपाध्यक्ष ने कहा कि प्राधिकरण की जो योजनाएं नगर निगम को हस्तांतरित की जा चुकी हैं। उनमें स्थित बडे़ पार्क भी नगर निगम को हस्तांतरित करने की कार्यवाही की जाए। इसी के साथ ही प्राधिकरण की योजनाओं एवं नजूल के 110 पार्कों के विकास के लिए एक सप्ताह में निविदाएं निकाली जाए। उन्होंने पार्कों में होने वाली आय व व्यय का ब्यौरा भी अभियन्ताओं से तलब किया।


Scroll To Top
Translate »