सम्भल: उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ काबीना मंत्री आजम खान ने फ्रांस की राजधानी पेरिस में पिछले दिनों हुए आतंकवादी हमलों को गलत करार देते हुए कहा कि तेल के कुओं पर कब्जा करने के लिए अमरीका और रूस द्वारा अरब देशों में किया जा रहा कत्लेआम भी गलत है। खान ने कल देर रात कल्कि महोत्सव में शिरकत के दौरान संवाददाताओं से कहा कि फ्रांस की राजधानी पेरिस में आतंकवादियों ने जो किया वह निहायत गलत है, लेकिन अमरीका और रूस द्वारा तेल के कुओं पर कब्जा करने के लिए अरब देशों पर हमले करके बेगुनाहों का कत्लेआम किया जा रहा है। ये हरकतें भी पेरिस हमलों जितनी ही गलत हैं।
उन्होंने कहा कि तेल की भूख की वजह से पश्चिमी देशों ने ईराक, लीबिया, सीरिया और अफगानिस्तान को पहले ही बर्बाद कर दिया है। पैरिस पर हमले वाकई निंदनीय हैं, लेकिन उनकी मीमांसा करने से पहले यह भी देखा जाना चाहिए कि माचिस की पहली तीली किसने जलाई थी। खान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के विवादास्पद बयान के मद्देनजर राजनीति से संन्यास लेने की सलाह देते हुए कहा ‘‘भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 60 साल से ज्यादा उम्र के नेताओं को राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी तो अब 65 साल के हो चुके हैं, लिहाजा उन्हें भी सियासत छोड़ देनी चाहिए।’’ भगवा ब्रिगेड की ‘लव जेहाद’ को लेकर जारी मुहिम के बीच आजम खान ने आज कहा कि दो प्यार करने वालों के बीच धर्म की दीवार आड़े नहीं चाहिए। मंत्री ने कहा कि प्रेमी जोड़ों के मिलने-जुलने पर प्रतिबंध लगाकर लोग समाज को बुराई के रास्ते पर ले जा रहे हैं। प्यार को कैसे धर्म और जाति के बंधन में बांधा जा सकता है।
https://rashtriyadinmaan.com

