
लखनऊ। राजधानी के कृष्णानगर स्थित लिटिल मिलेनियम स्कूल में श्री कृष्ण जन्मोत्सव के पावन पर्व पर समारोह का आयोजन किया गया इस अवसर पर स्कूल के बच्चों, शिक्षिकाओं तथा अभिभावकों द्वारा मल्टी डेकोरेशन, रंगोली प्रतियोगिता, तथा बांसुरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में पधारी कैंट विधानसभा क्षेत्र की प्रत्याशी समाजसेविका श्रीमती अपर्णा यादव ने प्रतियोगिता में विजेताओं को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर श्रीमती अपर्णा यादव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण एक आदर्श के रूप में माने जाते हैं इसलिए भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों का हमें अनुकरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम अपने बच्चों को पढ़ा लिखा कर आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर आदि बनाने का ख्वाब देखते हैं, यह अच्छी बात है परंतु इस बात पर विचार बहुत कम ही लोग करते हैं कि हम अपने बच्चे को भगवान राम और श्रीकृष्ण जी की तरह आदर्शवादी बनाएं, उन्हें आदर्श का पाठ पढ़ाएं।
उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए खा कि अगर आज के दिन हम यहां से संकल्प लेकर जाएं कि हम अपने बच्चों को एक आदर्श नागरिक बनाएंगे तो समाज में बढ़ रही विषमता और आपराधिक घटनाएं स्वतः खत्म हो जाएंगी और एक सभ्य समाज का निर्माण होगा। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का एक और उदाहरण देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण जी चोरी भी करते थे, सरारत भी करते थे परंतु उन्होंने कभी किसी का दिल नहीं दुखाया। वे हमेशा दूसरों की सहायता के लिए तत्पर रहे। उनके इन आदर्श विचारों को ग्रहण करने की आवश्यकता है।
श्रीमती यादव ने राजनीति के परिपेक्ष में सामाजिक परिवर्तन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमारा युवा, हमारा समाज आज परिवर्तन चाहता है। ऐसा परिवर्तन जो समाज को नई दिशा दे, ऐसा परिवर्तन जो जाति, धर्म, भाषा आदि विभेद को समाप्त कर एकजुटता का परिचायक हो। इसलिए आज आवश्यकता यह भी है कि समाज में जो लोग ऐसा परिवर्तन लाना चाहते हैं उनका आप समर्थन करिए। जो भी अच्छा काम कर रहें हैं उनके अच्छे कामों में हाथ बढ़ाइए। सहभागिता से ही सभ्य समाज का निर्माण संभव है।
स्कूल में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए स्कूल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती ऋषि तिवारी ने श्रीमती अपर्णा यादव का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्कूल के छात्र, स्कूल के टीचर्स और पैरेंट्स उपस्थित रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
