लखनऊ बार के संयुक्त सचिव पर कचहरी में बम से हमला, चार वकील घायल


अलीगंज पुरनिया क्रासिंग निवासी संजीव लोधी के मुताबिक 11.50 बजे करीब वह साथी वकील ज्ञान प्रकाश गुप्ता, प्रमोद लोधी व एक अन्य के साथ चेम्बर के पास मौजूद थे। उसी बीच सुधीर यादव, आजम, एजाज और दिलीप सिंह वहां आ धमके। असलहा लहराते हुए वह लोग संजीव लोधी की तरफ बढ़ने लगे। ज्ञान प्रकाश और प्रमोद लोधी ने हमलावरों को रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने वकीलों को निशाना बनाते हुए बम फेंका।

प्रत्यक्षदर्शी श्यामजी के मुताबिक हमले में संजीव लोधी, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, प्रमोद लोधी व एक अधिवक्ता को चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि पारिवारिक वाद के एक मामले में संजीव लोधी ने न्यायिक अधिकारी की शिकायत जिला न्यायाधीश से की थी। आरोप है कि इस बात की जानकारी होने पर जीतू यादव न्यायिक अधिकारी का पक्ष लेने लगे। उन्होंने संजीव पर दबाव बनाने का भी प्रयास किया। असफल होने पर बुधवार रात संजीव के साथी ज्ञान प्रकाश गुप्ता के गोमतीनगर स्थित घर पहुंच कर विपक्षियों ने हंगामा किया। झगड़े की सूचना मिलने पर संयुक्त सचिव भी साथियों के साथ वहां पहुंच गए।

अधिवक्ताओं के दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद बुधवार रात को समझौता हुआ था। संजीव के साथी श्यामजी का दावा है कि मध्यस्थता होने के बाद भी महामंत्री और उसके पक्ष के लोग नतीजा भुगतने की धमकी दे रहे थे। जिसके नतीजे में गुरुवार को संयुक्त सचिव पर हमला किया गया।

एडीसीपी विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक संजीव लोधी की शिकायत पर बलवा, जानलेवा हमला करने और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं में मुकदमा लिखा गया है। पीड़ित अधिवक्ता ने लखनऊ बार के महामंत्री जीतू यादव, अन्नू यादव, अजय यादव, दिलीप सिंह, आजम, एजाज और सुधीर यादव को आरोपी बनाया है। इसके साथ ही दस अन्य लोगों पर भी हमले में शामिल होने की बात संजीव लोधी ने कही है। एडीसीपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। छानबीन के लिए डॉग स्कवाड और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया था। मौके से पुलिस ने दो सुतली बम बरामद किए हैं। इसके साथ ही वकीलों के गुटों में हुई भिड़ंत और हमले की फुटेज भी मिली है। जिसकी जांच की जा रही है।


Scroll To Top
Translate »